धनबाद। पुलिस शहर में लगातार चेकिंग अभियान चला रही है मगर अपराधी खुलेआम चोरी-छिनतई जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। बैंकमोड़ के श्रीराम प्लाजा मार्केट स्थित एचडीएफसी बैंक से कोयलांचल कोऑपरेटिव प्राइवेट लिमिटेड के कलेक्शन एजेंट अरुण कुमार का 25 लाख रुपये से भरा बैग लेकर अपराधी चंपत हो गया। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में अपराधी की तस्वीर कैद हो गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी तलाश में जुटी है।
घटना मंगलवार दोपहर 1:36 बजे के आसपास की है। उस वक्त बैंक में काफी लोग थे परंतु किसी की नजर अपराधी पर नहीं पड़ी और वह बैग लेकर बैंक से निकल गया। चंद मिनट बाद जब रुपये भरे बैग के गायब हो जाने की जानकारी कलेक्शन एजेंट तथा वहां के कर्मियों को हुई तो सभी के हाथ-पांव फूल गए। इसके बाद बैंक प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। सिटी एसपी आर राम कुमार, डीएसपी मुकेश कुमार, बैंकमोड़ थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह समेत कई पुलिस पदाधिकारी पहुंचे और छानबीन की।
ऐसे हुई घटना : मेमको मोड़ निवासी 65 वर्षीय कलेक्शन एजेंट अरुण कुमार दोपहर डेढ़ बजे हाथ में दो बैग लेकर एचडीएफसी बैंक में घुसे। एक बैग में तीन लाख तथा दूसरे बैंक में 25 लाख रुपये थे। रुपये जमा कराने के दौरान एक बैग को उन्होंने काउंटर के नीचे रख दिया और दूसरे बैग से जिसमें तीन लाख रुपये थे, उसे जमा करवा रहे थे। तभी घात लगाए बैठा शातिर काउंटर के पास पहुंचा और धीरे से बैग उठाकर चलता बना। तकरीबन दस मिनट बाद जब एजेंट का दूसरे बैग पर ध्यान गया तो बैग वहां नहीं था।
सात साल में कभी ऐसा नहीं हुआ था : अरुण ने बताया कि पिछले सात वर्षों से वह पुराना बाजार के शिवम अपार्टमेंट स्थित कोयलाचंल कोऑपरेटिव प्राइवेट लिमिटेड में बतौर एजेंट काम करते आ रहे हैं। कभी इस तरह की वारदात उनके साथ नहीं हुई। वह इसी तरह बैग में पैसे लेकर आते थे और जमा करते थे।
सीसीटीवी फुटेज का सहारा : बैंकमोड़ पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज से अपराधी तक पहुंचने की कोशिश में है। कुछ बैंककर्मियों से भी घटना को लेकर पूछताछ की गई। पुलिस को कई बिंदुओं पर शक है। एजेंट को भी वीडियो फुटेज दिखाया गया और अपराधी के बारे में पूछताछ की गई।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours