देवघर. झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस (Congress) ने संथाल परगना से प्रचार अभियान की शुरुआत की है. इस सिलसिले में देवघर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने कहा कि चुनाव में पार्टी 35 सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारेगी. संथाल परगना की 18 सीटों में से 6 सीटों पर कांग्रेस का दावा है. जिसमें देवघर भी शामिल है. प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महागठबंधन के घटक दलों के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर बात चल रही है. एक सप्ताह के अंदर इसे अंतिम स्वरूप दे दिया जाएगा.
सीएम पर निशाना
नेतृत्व के सवाल पर रामेश्वर उरांव ने कहा कि चुनाव किसके नेतृत्व में लड़ा जाएगा, यह सीटों के बंटवारे
के बाद तय हो जाएगा. सीएम रघुवर दास पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि आदिवासियों को लुभाने के लिए मुख्यमंत्री, संताल और कोल्हान में पसीना बहा रहे हैं. लेकिन राज्य की जनता उन्हें सही और सटीक जवाब देगी. सभी वर्ग के लोग भाजपा सरकार से असंतुष्ट है. इसलिए सत्ता परिवर्तन तय है.
महागठबंधन पर फंसा है पेंच
इस मौके पर कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य धीरज साहू, प्रदीप बालमुचू सहित पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद थे. बता दें कि विधानसभा चुनाव के मद्देनजर विपक्षी महागठबंधन बनाने को लेकर जेएमएम, कांग्रेस, जेवीएम और आरजेडी में बातचीत जारी है. हालांकि अभी तक यह स्वरूप नहीं ले पाया है. इसी बीच शुक्रवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुबोधकांत सहाय ने रांची में जेवीएम अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी से मुलाकात की. मुलाकात के बाद बाबूलाल मरांडी ने कहा कि राजनीति समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई है. कुछ दिन पहले प्रदेश कांग्रेस प्रभारी आरपीएन सिंह ने हेमंत सोरेन से मिलकर महागठबंधन के मसले पर उलझे पेंच को सुलझाने की कोशिश की थी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours