रांची. सरदार बल्लभ भाई पटेल की जयंती पर मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रांची के बुढ़मू में लगुना क्लोथिंग फैक्ट्री समेत तीन नए प्लांट का शिलान्यास किया. इससे 40 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिलेगा. तीन में से दो फुटवियर की फैक्ट्रियां हैं. इस मौके पर सीएम ने कहा कि किसी भी प्रदेश की खुशहाली वहां के लोगों के अच्छे जीवन स्तर और आर्थिक समृद्धि पर निर्भर करती है. हमारी सरकार उस दिशा में काम कर रही है. सीएम ने कहा कि झारखंड को टेक्सटाइल (Textile) हब बनाने का लक्ष्य है. ताकि बांग्लादेश को पीछे छोड़कर झारखंड टेक्सटाइल की दुनिया में राज कर सके. फुटवियर के क्षेत्र में आगरा को टक्कर देने के लिए प्रदेश ने कदम आगे बढ़ा दिया है. सीएम ने कहा कि पूर्व की सरकारों ने इस दिशा में पहल नहीं की. अगर ऐसा होता, तो आज झारखंड विकास की अलग राह पर होता.

उद्योग सचिव के विजय कुमार ने बताया कि इन कारखानों के लगने से रोजगार की समस्या दूर होगी. लगुना क्लोथ, किशोर एक्सपोर्ट्स, यूरो सेफ्टी इक्यूपमेंट प्राइवेट लिमिटेड की यूनिट का शिलान्यास हुआ है. इन कारखानों में 80 फीसदी महिलाओं को रोजगार मिलेगा. उन्होंने बताया कि बुढ़मू में 4 अन्य स्थानों पर भी यूनिट लगाए जाएंगे. प्रदेश भर में टेक्सटाइल उद्योग को बढ़ावा दिया जाएगा.

इस मौके पर यहां ट्रेनिंग ले रही युवतियों ने कहा कि कंपनी के द्वारा उन्हें सिलाई, पर्सनालिटी डेवलपमेन्ट और कम्प्यूटर की ट्रेनिंग दी जा रही है. सबसे अच्छी बात यह है कि उन्हें घर के पास ही रोजगार मिलने वाला है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours