रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव की उल्टी गिनती शुरू होने के साथ ही केंद्र की ओर से राज्य में शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र बल के 9000 जवानों की तैनाती के आदेश जारी कर दिए गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के मुताबिक झारखंड चुनाव के लिए केंद्र और राज्य के सशस्त्र बलों की 90 टुकडिय़ों की तैनाती होगी, इनमें 70 कंपनियां केंद्र की हैं। इन टुकडिय़ों में अधिकतर की तैनाती नक्सल प्रभावित इलाकों में रहेगी।
वहीं चुनाव आयोग ने आयकर विभाग में तैनात भारतीय राजस्व सेवा (आइआरएस) के भी 34 अफसरों को चुनाव के लिए झारखंड में पदस्थापित करने के आदेश दिए हैं। ये अफसर सभी 81 सीटों पर होने वाले चुनाव खर्च का आकलन व निगरानी करेंगे। इन अफसरों पर चुनाव में काले धन के उपयोग और मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए धन बल के प्रयोग को रोकने की भी जिम्मेदारी होगी। सुरक्षा बलों की तैनाती से साफ हो गया है कि झारखंड चुनाव की घोषणा अब किसी भी दिन हो सकती है। इस संबंध में जायजा लेने मुख्य निर्वाचन आयुक्त और उनकी टीम भी रांची में होगी।
झारखंड चुनाव की लिए जिन 90 टुकडिय़ों की तैनाती का आदेश जारी किया गया है, उनमें बीएसएफ की 15, इंडो- तिब्बतन बॉर्डर की 13, सीआरपीएफ की 12 और सीआईएसएफ, एसएसबी, आरपीएफ की 10- 10 टुकडिय़ां शामिल हैं। इनके अलावा 20 टुकडिय़ां झारखंड पुलिस और राज्य सशस्त्र बल की होंगी। इनके अलावा आईआरबी के जवानों की भी तैनाती होगी। सभी कंपनी बल (टुकड़ी) में 100-100 जवान होंगे।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि झारखंड की राजधानी रांची में स्थित सीआरपीएफ के महानिरीक्षक (आइजी) इन टुकडिय़ों के संयोजक होंगे और राज्य सरकार के अधिकारी और चुनाव आयोग उन्हें सहयोग करेगा। चुनाव आयोग ने नई दिल्ली में पर्यवेक्षकों को दो नवंबर को ब्रीफिंग के लिए बुलाया है।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours