रांची- भाजपा के कार्यकारी राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि आज कोई भी पार्टी हमारे साथ मुकाबला करने को तैयार नहीं है। हम ऐसी पार्टी हैं जो अपना रिकॉर्ड खुद तोड़ते हैं। कहा कि भाजपा ने अपनी सदस्य संख्या को 11 करोड़ से 17 करोड़ पहुंचा दिया है। वे शुक्रवार को हजारीबाग के गांधी मैदान में कार्यकर्ता सम्‍मेलन काे संबोधित कर रहे थे। उन्‍होंने कहा कि हर राजनीतिक कार्यकर्ता अपने दल को यशस्वी करने को हमेशा तत्पर रहता है। मैं ये मानता हूं कि जो भाजपा का कार्यकर्ता है, वह अपने आप को भाग्यशाली माने क्योंकि भाजपा जिस विचारधारा के साथ काम कर रही है, उससे देश ही नहीं बल्कि दुनिया में यशस्वी हो रही है।
उन्‍होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के पास सारी शक्तियां हैं। भाजपा ने देश की राजनीतिक संस्कृति बदल दी है। राज्य की सरकार भी केंद्र के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रही है। कार्यकर्ताओं को इस डबल इंजन की सरकार को दोबारा लाना है। प्रत्येक बूथ पर पहुंचकर लोगों को सरकार की योजनाओं की जानकारी देनी है। आज भाजपा की सरकार की वजह से पूरा विश्व भारत की ओर देख रहा है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  की वजह से ही संभव हो पाया है।
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours