साहिबगंज से केलांचल न्यूज के लिए आलोक कुमार की रिपोर्ट
साहिबगंज:- साहिबगंज जिला मुख्यालय में पदस्थापना के बाद से ही उपायुक्त राजीव रंजन लगातार सरकार के निशाने पर रहे। ताजा मामला सदर अस्पताल में पदस्थापित महिला डॉ. भारती पुष्पम से अपने सरकारी आवास पर अपनी पत्नी के ईलाज कराने के नाम पर उत्पन्न हुए विवाद के बाद साहिबगंज के उपायुक्त राजीव रंजन का झारखंड सरकार ने तबादला कर दिया है। राजीव रंजन के स्थान पर 2014 बैच के आइएएस वरुण रंजन को साहिबगंज का अब नया उपायुक्त बनाया गया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग, झारखंड सरकार ने सोमवार को करीब आधा दर्जन भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों को इधर से उधर किया। इसमें साहिबगंज के उपायुक्त राजीव रंजन का भी नाम शामिल है। रंजन को साहिबगंज से नागरीय प्रशासन के निदेशक पद पर भेजा गया है। जबकि झारखंड के निबंधक महानिरीक्षक वरुण रंजन को साहिबगंज का उपायुक्त बनाया गया है।
क्या था पूरा मामला
16 अक्टूबर को उपायुक्त राजीव रंजन ने पत्नी के इलाज के लिए डॉ. भारती पुष्पम को अपने सरकारी आवास पर बुलवाया था। वहां पहुंचने में विलंब होने पर उन्होंने जमकर फटकार लगाई थी। वही डॉ. भारती का आरोप था कि डीसी ने उनको महिला पुलिस से पिटवाने और स्थानांतरण की भी धमकी दे डाली थी। इस घटना के बाद से ही डॉ. भारती ने इसकी शिकायत राज्य सरकार के मुख्य सचिव से की थी। इसके बाद सिविल सर्जन ने डॉ. भारती का पतना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थानांतरण भी कर दिया था। इसे भारती ने बदले की कार्रवाई करार दिया और इसे गंभीरता से लेते हुए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने आंदोलन की चेतावनी दी थी। माना जा रहा है कि डॉ. भारती के बीच विवाद के कारण ही राजीव रंजन का स्थानांतरण किया गया है। दोनों के बीच विवाद के कारण पूरे राज्य में काफी किरकिरी हो रही थी। उधर इसके पहले भी जब राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास बरहेट में जन चौपाल कार्यक्रम में आए हुए थे तो वहाँ भी उन्होंने राजमहल विधानसभा क्षेत्र के विधायक सह विधानसभा सचेतक अनंत ओझा से मंच पर बैठने को लेकर कहासुनी हो गई थी। वही अभी हाल के दिनों में जब पुनः राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास बरहेट प्रखंड के भोगनाडीह में जीएनएम ट्रेनिंग सेंटर का उद्घाटन समारोह में पहुँचे थे तो स्थानीय लोगों ने भी साहिबगंज उपायुक्त राजीव रंजन के ऊपर किसी भी प्रकार के मामलें में कार्रवाई नही करने की शिकायत कर दी थी। इधर लगातार साहिबगंज उपायुक्त राजीव रंजन के खिलाफ मिल रही शिकायतों के कारण आज उनका स्थानांतरित कर दिया गया।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours