जमशेदपुर. मंत्री सरयू राय ने एक बार फिर परोक्ष रूप से केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा को सीएम रघुवर दास से बड़ा बताने की कोशिश की. पत्रकारों के एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अर्जुन मुंडा झारखंड के सबसे अधिक लोकप्रिय नेता हैं. सरयू राय ने यह बयान उस कार्यक्रम में दिया, जिसमें कुछ देर पहले सीएम रघुवर दास भी शरीक हुए थे. दरअसल हर साल की तरह इस साल भी अर्जुन मुंडा के आवास पर काली पूजा महाप्रसाद वितरण कार्यक्रम का आयोजन हुआ. इसमें सीएम रघुवर दास के अलावा पार्टी के कई बड़े-छोटे नेता शामिल हुए. कहने को तो ये धार्मिक जुटान था, लेकिन हर तरफ सियासी चुहलबाजी देखने को मिली.
टिकट को लेकर चर्चा
मंत्री सरयू राय ने कहा कि सबके टिकट कटने की खबरें फिजाओं में गूंज रही हैं. लेकिन पार्टी पर ही सब कुछ निर्भर करता है. वहीं प्रदेश भाजपा अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुआ ने कहा कि टिकट की शर्त पर अन्य दलों के विधायकों को पार्टी में शामिल नहीं कराया गया है. पार्टी को ये तय करना है कि कौन- कहां से लड़ेगा. गिलुआ ने खुद चक्रधरपुर सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की.
जगजाहिर हैं नजदीकियां
कार्यक्रम में बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र से टिकट के तीन-तीन दावेदार शरीक हुए. झामुमो छोड़कर हाल में भाजपा में आए कुणाल षाडंगी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी और समीर मोहंती इस सीट से टिकट की रेस में हैं. इस दौरान दिनेशानंद गोस्वामी और समीर मोहंती, सांसद विद्युतवरण महतो के साथ गुफ्तगू करते नजर आए. ऐसा कहा जाता है कि झारखंड बीजेपी में मुंडा गुट और रघुवर गुट के बीच अंदरखाने शह-मात का खेल चलते रहता है. मंत्री सरयू राय की सीएम रघुवर दास से दूरी और अर्जुन मुंडा से नजदीकियां जगजाहिर हैं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours