रांची। भारत-दक्षिण अफ्रीका के बीच रांची में खेले जा रहे मौजूदा क्रिकेट सीरीज के तीसरे व अंतिम टेस्ट मैच के दूसरे दिन भी बारिश होने की आशंका है। मैच के पहले दिन चाय के बाद का लगभग डेढ़ घंटे का खेल बारिश के कारण नहीं हो पाया। इस कारण पहले दिन मात्र 58 ओवर का ही खेल हो पाया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार को भी रांची में बारिश हो सकती है। मौसम पूर्वानुमान में बताया गया है कि रविवार को रांची में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। सोमवार को सामान्यत: बादल छाए रहेंगे। मंगलवार को सुबह में कोहरा रहेगा।
झारखंड में 20-21 अक्टूबर को बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे। 20 व 21 अक्टूबर को भी राज्य में कई जगहों पर एक-दो बार हल्की बारिश होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि फिलहाल ईस्टरली टर्फ के कारण एक सिस्टम बन रहा है, जिसका असर झारखंड के ऊपर होगा।
मानसून जाने के बाद रांची में हुई सबसे ज्यादा 33 एमएम बारिश
रांची और बारिश का रिश्ता पुराना है। हालांकि, यह थोड़ा कमजोर हुआ है, लेकिन कभी-कभी इसकी बानगी दिख जाती है। शनिवार को कुछ ऐसा ही हुआ। राज्य से मानसून 14 अक्टूबर को ही विदा हो गया है। लेकिन, इसके जाने के पांच दिन बाद भी रांची में झमाझम बारिश हुई। करीब 33 एमएम हुई बारिश ने पूरे शहर को भिगो दिया।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours