नई दिल्लीः एक दिसंबर 2019 से वोडाफोन-आइडिया मोबाइल सेवा दरें बढ़ाने जा रही हैं जिसके बाद इनके ग्राहकों के लिए कॉल्स महंगी होने जा रही है. वोडाफोन-आइडिया के करीब 30 करोड़ ग्राहकों के लिए ये बड़े झटके की खबर है. वोडाफोन-आइडिया ने टेलीकॉम सेक्टर पर वित्तीय दबाव को इसके पीछे की वजह बताया है. वित्तीय संकट के मद्देनजर दूरसंचार कंपनी वोडाफोन-आइडिया ने एक दिसंबर से मोबाइल सेवा की दरें बढ़ाने का फैसला किया है. कर्ज तले दबी कंपनी ने आज यह एलान किया है.

वोडाफोन आइडिया ने बयान में कहा , "अपने ग्राहकों को विश्वस्तरीय डिजिटल अनुभव सुनिश्चित करने के लिए कंपनी एक दिसंबर 2019 से अपने टैरिफ के दाम बढ़ाएगी." हालांकि कंपनी ने फिलहाल टैरिफ में प्रस्तावित वृद्धि से जुड़ी जानकारी नहीं दी है.

वोडाफोन आइडिया को चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में 50,922 करोड़ रुपये का एकीकृत घाटा हुआ है. किसी भारतीय कंपनी का एक तिमाही में यह अब तक का सबसे बड़ा नुकसान है. समायोजित सकल राजस्व (एजीआर) को लेकर उच्चतम न्यायालय के फैसले के मद्देनजर बकाये के भुगतान के लिये जरूरी प्रावधान किये जाने की वजह से उसे यह नुकसान हुआ है.

न्यायालय ने सरकार के पक्ष में फैसला देते हुए वोडाफोन आइडिया समेत अन्य दूरसंचार कंपनियों को बकाये का भुगतान दूरसंचार विभाग को करने का निर्देश दिया है. वोडाफोन आइडिया ने कहा कि अब कारोबार जारी रखने की उसकी क्षमता सरकारी राहत और कानूनी विकल्पों के सकारात्मक नतीजों पर निर्भर करेगी.
बयान में कहा गया है , "दूरसंचार क्षेत्र में गंभीर वित्तीय संकट को सभी हितधारकों ने माना है और कैबिनेट सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समिति उचित राहत देने पर विचार कर रही है. "
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours