रांची. झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर गुरुवार से बीजेपी के दिग्गज प्रचार मैदान में उतरने वाले हैं. पार्टी अध्यक्ष और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह की आज झारखंड में दो सभाएं होने वाली हैं. पहली रैली (Rally) हाई स्कूल मैदान (मनिका) में सुबह 10 बजे और दूसरी बी. एस. कॉलेज मैदान (लोहरदगा) में 11 बजे होगी. इन दोनों सीटों पर पहले चरण में 30 नवंबर को वोट डाले जाएंगे. पहले चरण में कुल 13 सीटों पर वोटिंग होनी है.

लोहरदगा सीट पर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखदेव भगत और वर्तमान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव आमने-सामने हैं. सुखदेव भगत बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं. हाल ही में उन्होंने कांग्रेस को छोड़कर बीजेपी ज्वाइन कर ली है. इस सीट पर आजसू से नीरू शांति भगत मैदान में हैं. पहले चरण की 13 में से 6 सीटों पर सीटिंग विधायक पाला बदलकर चुनाव लड़े रहे हैं. 10 सीटिंग विधायकों के सामने अपना क्षेत्र बचाने की चुनौती है.

25 नवंबर को पीएम मोदी कर सकते हैं रैली
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के बाद कल यानी 22 नवंबर को बीजेपी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा लातेहार में चुनावी रैली करेंगे. उनके अलावा केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की भी कल बिश्रामपुर में जनसभा होगी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 नवंबर से प्रचार मैदान में उतर सकते हैं. पलामू में उनकी पहली सभा हो सकती है. इस सिलसिले में पीएमओ से हरी झंडी मिलने का इंतजार है.

बता दें कि बीजेपी इस बार अकेले विधानसभा चुनाव लड़ रही है. 65 पार के लक्ष्य के साथ सीएम रघुवर दास के चेहरे को जनता के सामने रखा गया है. झारखंड में 30 नवंबर से 20 दिसंबर तक पांच चरणों में विधानसभा चुनाव होना है. 23 दिसंबर को नतीजे आएंगे.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours