मुंबई. महाराष्ट्र में सरकार बनाने की कवायद के बीच सभी की निगाहें कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और एनसीपी चीफ शरद पवार पर टिकी हैं. इस बीच कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण ने कहा, 'कांग्रेस और एनसीपी के नेता गुरुवार एक बार फिर अपने नेताओं के साथ मीटिंग करेंगे. इस बैठक के बाद फिर दोनों पार्टियों के नेता दोपहर में एक बार फिर मिलेंगे.' उन्होंने कहा, 'हमारी शिवसेना और एनसीपी के साथ बातचीत सही दिशा में जा रही है. शुक्रवार को मुंबई में साझा ऐलान किया जा सकता है.'
हालांकि, बताया जा रहा है कि सोनिया गांधी के साथ चल रही मीटिंग में कांग्रेस नेताओं को साफ़ निर्देश दिए गए हैं कि नेगोशिएशन में किसी भी तरह की जल्दबाजी नहीं की जाये.
रोटेशनल सीएम पर बनी सहमति
सूत्रों के अनुसार एनसीपी-कांग्रेस की बैठक में रोटेशनल सीएम पर सहमति बनने की खबर सामने आ रही है. जानकारी के मुताबिक पहले ढाई साल शिवसेना का सीएम रहेगा जिसके बाद एनसीपी का मुख्यमंत्री रहेगा. वहीं कांग्रेस का उपमुख्यमंत्री रहेगा. बताया जा रहा है कि सभी तीन पार्टियों के विधायकों की संख्या के आधार पर मंत्रिपद मिलेगा. इससे पहले खबर आ रही थी कि 5 साल के लिए कांग्रेस को शिवसेना का मुख्यमंत्री होने पर कोई ऐतराज नहीं है.
वहीं अहमद पटेल, खरगे, वेनुगोपाल और जयराम रमेश सोनिया गांधी को बैठक की रिपोर्ट देने गये. सोनिया गांधी को पहली बैठक की रिपोर्ट देने के बाद कांग्रेस के नेता, शरद पवार के घर दोबारा पहुंचे हैं जहां दूसरे दौर की बैठक कांग्रेस-एनसीपी के बीच शुरू हुई.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours