लातेहार. झारखंड विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र बीजेपी अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह ने लातेहार में रैली की. इस दौरान उन्होंने राम मंदिर का मुद्दा उठाया. अमित शाह ने कहा,'हर कोई चाहता है कि अयोध्या में राम मंदिर बनना चाहिए, लेकिन कांग्रेस ने 70 साल तक मामले को लटकाए रखा. अब देश के सर्वोच्च न्यायालय ने ऐतिहासिक फैसला दे दिया है. अयोध्या में आसमान छूती राम मंदिर का निर्माण किया जाएगा.'

लातेहार के मनिका में जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस और जेएमएम पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि आपका एक वोट यह तय करेगा कि अगले 5 साल में झारखंड में किसकी सरकार बनेगी. यह मत सोचना कि आप विधायक, मंत्री या मुख्यमंत्री चुनने जा रहे हैं. आपका एक वोट झारखंड के विकास के लिए है, झारखंड को आगे बढ़ाने वाला है.

उन्होंने कहा, 'पिछले चुनाव में मैंने कहा था कि एक बार आप पूर्ण बहुमत दे दीजिये, हम झारखंड को विकास के रास्ते पर ले जाएंगे. मुझे आनंद है कि आज 5 साल बाद जब यहां आया हूं, तो रघुवर सरकार ने झारखंड को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाने का काम किया है.'

अमित शाह ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने हर पल, हर दिन झारखंड के विकास के लिए दिल्ली में बैठकर चिंता की है, जिसकी वजह से आज झारखंड में विकास हुआ है. कांग्रेस पार्टी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) आदिवासियों और पिछड़ों की बात करते हैं. मैं पूछना चाहता हूं कि 70 साल तक कांग्रेस ने शासन किया, गरीब के घर में गैस, बिजली, स्वास्थ्य कार्ड, शौचालय क्यों नहीं पहुंचा? इनके पास कोई बात का जवाब नहीं है.

'मोदी सरकार ने बहुत काम किया'
गृहमंत्री ने कहा कि आदिवासी भाइयों-बहनों के लिए मोदी सरकार ने बहुत काम किए हैं. पांच साल के अंदर आदिवासियों का गौरव बढ़ाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है. डिस्ट्रिक्ट मिनरल फंड की हमने गठन किया. इस फंड से 32 हजार करोड़ रुपये आदिवासी भाइयों-बहनों के विकास के लिए दिए गए. रघुवर दास सरकार ने 5 साल के अंदर नक्सलवाद को समाप्त करने की दिशा में ढेर सारे कदम उठाये और इसी कारण आज झारखंड के कोने-कोने में बिजली, सड़क, पीने का पानी और सिलेंडर आदि पहुंचे हैं. आदिवासी भाइयों-बहनों के बच्चों की शिक्षा के लिए देश भर के हर आदिवासी ब्लॉक के अंदर एकलव्य स्कूल बनाए गए हैं. 5 साल के अंदर देश में 438 एकलव्य स्कूल बनाये गए हैं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours