रांची. झारखंड प्रदेश में चुनावी बिगुल (Jharkhand Assembly Election 2019) बजते ही राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज़ हो गयी है. इसकी बानगी शनिवार को रिम्स के पेइंग वॉर्ड में देखने को मिली. यहां राजद को मनाने और सीटों के लेकर हुई उलझनों को दूर करने नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन (Hemant soren) राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) से मिलने रिम्स के पेइंग वार्ड पहुंचे. बंद कमरे में दोनो नेताओं की मुलाकात हुई और सीट शेयरिंग को लेकर चर्चा की गई. राजद को महागठबंधन में 5 सीट दिए जाने की बात है, लेकिन राजद 8 सीट पर अड़ा है.
हेमंत सोरेन ने कहा, 'गठबंधन की गांठ को सुलझाने के लिए राजद सुप्रीमो लालू यादव से आज मुलाकात की.' उन्होंने बताया कि वे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव से मुलाकात करने पहुंचे थे ताकि मजबूती से चुनावी समर में उतरा जा सके. हालांकि राजद को कितनी सीटे दी जाएंगी, इसपर उन्होंने अभी सस्पेंस बरकरार रखा और कहा कि अन्य दलों से मिलकर और सभी की सहमति से ही पत्ते खोलेंगे.
महागठबंध का लक्ष्य बीजेपी को हराना है: अभय सिंह
नेता प्रतिपक्ष और लालू यादव की मुलाकात पर राजद प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह ने कहा कि बीजेपी को हराना है और इसे लेकर महागठबंधन को मजबूत करना पार्टी का लक्ष्य है.
लालू प्रसाद से छठ के मौके पर उनके दो समधी भी उनसे मुलाकात करने रिम्स पहुंचे थे. उन्होंने अपने समधी का कुशलक्षेम पूछा और उनकी बीमारी के स्टेटस की जानकारी ली. लालू से मुलाकात कर हॉस्पिटल से बाहर निकलने के बाद उनके समधी बी एन यादव ने कहा कि महापर्व की शुभकामना देने वे यहां पहुंचे थे. उन्होंने बताया कि लालू प्रसाद को दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किये जाने की बात चल रही है.
पार्टियां कर रही इतने सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, राजद को 5 सीटे दिए जाने बात थी, लेकिन राजद 8 सीटों पर अड़ा हुआ है. महागठबंधन में जेएमएम का दावा 41 से 44 सीटों पर, कांग्रेस का दावा 25 से 28 सीटों पर, राजद का दावा 8 सीटों को लेकर है. वहीं लेफ्ट को 5 सीटे दिए जाने की बात की जा रही है. अब देखना होगा कि सीट को लेकर महागठबंधन की रूपरेखा उभर कर कब तक सामने आती है और इस रूपरेखा में कौन कौन कितने सीटों पर चुनाव लड़ता है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours