रांची. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी अदालत सुप्रीम कोर्ट ने राफेल के संबंध में पूर्व के निर्णय को बहाल किया है. कांग्रेस ने प्रधानमंत्री के खिलाफ लोगों को गुमराह करने के लिए याचिका दायर की थी. लेकिन सुप्रीम कोर्ट के निर्णय से सबकुछ साफ हो गया है. कांग्रेस और राहुल गांधी को देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए. सुप्रीम कोर्ट ने दूध का दूध, पानी का पानी कर दिया.
सीएम ने कहा कि लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी के राफेल के मुद्दे को देश की जनता ने नकार दिया था. अब सुप्रीम कोर्ट ने भी नकार दिया है. अब झूठ और फरेब की राजनीति नहीं चलेगी. झारखंड विधानसभा चुनाव में भी जनता अपना फैसला सुना देगी. आजसू के साथ गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि गठबंधन को लेकर फैसला केंद्रीय नेतृत्व करता है. बीजेपी के कार्यकर्ता 65 पार के लक्ष्य को पाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं. हम अपने बल पर ये लक्ष्य पाएंगे.
उधर, दिल्ली में राज्यसभा सांसद महेश पोद्दार ने कहा कि बीजेपी अपने दम पर अकेले विधानसभा चुनाव लड़ेगी. पानी अब सर से ऊपर चला गया है, सभी 81 सीटों पर बीजेपी चुनाव लड़ेगी. हुसैनाबाद में निर्दलीय विनोद सिंह को पार्टी समर्थन करेगी.
प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि बीजेपी अपने बलबूते पर बहुमत का अंक लाएगी. केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर हुसैनाबाद से निर्दलीय प्रत्याशी विनोद सिंह को समर्थित उम्मीदवार घोषित किया गया है.
बता दें कि राफेल विमान सौदे से जुड़े आपराधिक अवमानना केस में सुप्रीम कोर्ट ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को राहत दी है. सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की माफी स्वीकार कर ली. साथ ही इस डील से जुड़ी सभी पुनर्विचार याचिकाएं खारिज कर दी हैं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours