कोलकाता. इशांत शर्मा की अगुआई में भारतीय तेज गेंदबाजों ने गुलाबी गेंद से भी घातक गेंदबाजी का शानदार प्रदर्शन करके बांग्लादेश को दूसरे टेस्ट मैच के पहले दिन शुक्रवार को 106 रन पर ढेर कर दिया. विराट कोहली की टीम ने शुरू में ही मैच पर शिकंजा कस दिया.

पहले टेस्ट को तीन दिन के अंदर पारी और 130 रनों केअंतर से जीतने वाले भारत ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक तीन विकेट पर 174 रन बना लिए हैं और उसकी बढ़त 68 रन की हो गई है.
भारतीय सलामी बल्लेबाज भी ज्यादा देर तक नहीं टिक पाए, लेकिन चेतेश्वर पुजारा (55) और विराट कोहली (नाबाद 59 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी कर पारी को संभाल लिया. स्टंप होने तक कोहली के साथ दूसरे छोर पर अजिंक्य रहाणे 23 रन बनाकर डटे थे.

तीन बल्लेबाज ही दोहरे अंक बना पाए
इशांत (12 ओवर में 22 रन देकर पांच विकेट) ने पिछले 12 वर्षों में पहली बार भारतीय सरजमीं पर पारी में पांच विकेट लिए. उमेश यादव (Umesh Yadav) ने अपनी तेजी से बांग्लादेशी बल्लेबाजों को परेशान करके सात ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि मोहम्मद शमी ने घातक गेंदबाजी की और 36 रन देकर दो विकेट लिए. शमी के दो खतरनाक बाउंसर से लिटन दास (24 रिटायर्ड हर्ट) और नईम हसन को सिर में चोट लगने के कारण बाहर होना पड़ा और उनकी जगह स्थानापन्न खिलाड़ियों ने ली. बांग्लादेश की पहली पारी केवल 30.3 ओवर तक चली. उसके केवल तीन बल्लेबाज दोहरे अंक तक पहुंचे. लिटन के अलावा शादमान इस्लाम ने 29 और नईम हसन ने 19 रन बनाए.

फील्डिंग में भी खराब रही बांग्लादेशी टीम
बांग्लादेश की बल्लेबाजी ही खराब नहीं रही, बल्कि उसका क्षेत्ररक्षण भी खराब रहा. रोहित का अल अमीन ने स्क्वॉयर लेग पर आसान कैच टपकाया. ईडन गार्डन्स पर कई उम्दा पारियां खेलने वाले रोहित (21) हालांकि इसका फायदा नहीं उठा पाए और टी ब्रेक के बाद  इबादत हुसैन (61 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर पगबाधा आउट होकर पवेलियन लौटे. टी से पहले भारत ने मयंक अग्रवाल (14) का विकेट गंवाया था.

इससे पहले भारतीय तेज गेंदबाजों ने लगातार दूसरे मैच में बांग्लादेशी बल्लेबाजों की कमजोरियों का खुलासा किया. बांग्लादेश के तीसरे, चौथे और पांचवें नंबर (कप्तान मोमीनुल हक, मोहम्मद मिथुन और मुशफिकुर रहीम) खाता भी नहीं खोल पाए. लंच 22वें ओवर में लिया गया जब लिटन रिटायर्ड हर्ट हो गए. मोहम्मद शमी  की गेंद उनके हेलमेट पर लगी.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours