पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राजस्थान उपचुनाव में बीजेपी की हार पर खुशी जताते हुए कहा कि उनकी शुरुआत हो चुकी है. ममता ने संवाददाताओं से कहा, ‘बीजेपी की हार की शुरुआत हो चुकी है. अब के बाद आप बीजेपी की हार ही देखेंगे.’ उन्होंने आगे कहा कि 2019 के चुनाव के बाद बीजेपी का नामोनिशान टेलिस्कोप से भी नहीं दिखेगा.

ममता ने कहा कि हालिया उपचुनावों में हार की वजह से केंद्र में सत्ताधारी पार्टी बीजेपी ने डर, आतंक और निराशा में बजट पेश किया है. उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि ये बजट लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने में असफल रहा है. उन्होंने बजट को लोक-विरोधी और सुपर फ्लॉप शो बताया.

उन्होंने कहा कि मैं इस बजट से निराश हूं. ये बजट निराशाजनक, नकारात्मक और सुपर फ्लॉप बजट है. उन्होंने कहा कि लोक-विरोधी बीजेपी सरकार शासन के लिए बिल्कुल भी उपयुक्त नहीं है.

ममता बनर्जी विपक्ष की पार्टी कांग्रेस पर भी जमकर बरसीं. उन्होंने कांग्रेस के नेताओं को बौना बताया और उन्हें याद दिलाया कि तृणमूल कांग्रेस के बगैर उनकी पार्टी दिल्ली में काम नहीं कर सकती. उन्होंने माकपा के साथ नजदीकियां बढ़ाने के लिए भी कांग्रेस की आलोचना की.
राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन में धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस और माकपा एक हैं. वे एक-दूसरे के लिए बने हैं. यह नया नहीं है. मैं जानती हूं कि इसने माकपा को कैसे समर्थन दिया था.’

उन्होंने कहा, ‘हमारे बिना कांग्रेस दिल्ली में काम नहीं कर सकती. राज्य कांग्रेस के नेता दिल्ली में अपनी पार्टी के नेताओं से पूछें.’ उन्होंने कहा, ‘यहां के कांग्रेस नेता बौने हैं.’ उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में उपचुनावों में पार्टी की जीत के बाद सोनिया गांधी ने उन्हें बधाई दी थी. मैंने भी राजस्थान उपचुनावों में जीत के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी थीं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours