नई दिल्ली I दिल्ली में मुख्य सचिव मारपीट मामले में अधिकारियों और सरकार के बीच चल रहे विवाद को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उपराज्यपाल से मुलाकात की. इस दौरान केजरीवाल के साथ उनके कई मंत्री भी मौजूद रहे.
इस मुलाकात के बाद उपराज्यपाल अनिल बैजल ने ट्वीट कर मौजूदा हालात को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए इसकी निंदा की. साथ ही उन्होंने दिल्ली सरकार को सलाह दी कि सरकार को अफसरों और कर्मचारियों के साथ भरोसा कायम करना चाहिए. ताकि दिल्ली के विकास पर असर न पड़े. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हिंसा की जगह नहीं है.
इधर, दिल्ली की केजरीवाल सरकार पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने हमला बोला है. उन्होंने कहा कि एलजी से मुलाकात के बाद भी दिल्ली सरकार की भाषा दोगली है. एलजी ने कहा है कि विश्वास बनाकर चलना होगा. सरकार में हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है.
'लोकतंत्र नहीं ठोकतंत्र से चल रही केजरीवाल सरकार'
मनोज तिवारी ने कहा कि मेरा मानना है कि सभी एजेंसीयों को जल्द से जल्द इस मामले की जांच करके दिल्ली सरकार के सामने रख देना चाहिए. जिस तरह आम आदमी पार्टी के विधायक ने कहा कि अधिकारियों को पीटना चाहिए, उसके बाद लगता है कि दिल्ली सरकार अब लोकतंत्र से नहीं ठोकतंत्र से चल रही है. अरविंद केजरीवाल ने अभी तक अपने विधायक के इस बयान पर कुछ नहीं कहा है.
मैं अरविंद केजरीवाल से कहना चाहता हूं कि वो दिल्ली को अराजकता के लिए न भड़काएं. जो ठोकतंत्र वो चला रहे हैं कहीं उन पर उल्टा ना पड़ जाये. अगर किसी दिन कोई अधिकारी मुख्यमंत्री या उपमुख्यमंत्री को किसी बात पर दो थप्पड़ जड़ दे तो भी उनका ये ही रवैया रहेगा.
उन्होंने कहा कि हो सकता है वो कहीं से निकलें और उन्हें लोग दौड़ा-दौड़ाकर पीटने लगें. अगर यही चलता रहा तो इस तरह की अराजकता सड़कों पर हर जगह देखने को मिल सकती है. अरविंद केजरीवाल जी बच्चे आपसे आपसे अराजकता सीख रहे हैं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours