बड़ालालपुर स्थित दीनदयाल हस्तकला संकुल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 6 दिवसीय शीतकालीन शिविर की औपचारिक शुरुआत शुक्रवार से हुई. इस दौरान संकुल के पीछे संघ प्रमुख मोहन भागवत ने शाखा लगाकर स्वयंसेवकों से साक्षात्कार किया. संकुल के पीछे पार्क में सर संघचालक की उपस्थिति में शिविर में आये प्रतिनिधियों की शाखा लगी. इसी के साथ संघ प्रमुख की पाठशाला भी शुरू हो गई. इस दौरान ध्वजारोहण के साथ शाखा मे आए सभी स्वयंसेवकों ने संस्कार युवक स्वयंसेवक बनकर समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया.
संघ प्रमुख ने दो केंद्रीय पदाधिकारियों अनिल ओक व रामाशीष व आरएसएस के फायर ब्रांड नेता इंद्रेश सहित क्षेत्र व प्रांत प्रचारकों से औपचारिक मुलाकात की. विश्व संवाद केंद्र के प्रभारी अंबरीश ने बताया कि 5 दिनों तक चलने वाली बैठकों में गोरक्षा, धर्म जागरण, कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता के मुद्दों पर चर्चा हुई.
संघ की परंपरा में हर साल सरसंघचालक का प्रवास होता है. इसी क्रम में मोहन भागवत का काशी में आगमन हुआ है. दीनदयाल हस्तकला संकुल के ग्राउंड फ्लोर में कमरा संख्या 111 में मोहन राव भागवत ठहरे हैं. उनके ठीक बगल में कमरा संख्या 110 में प्रांत प्रचारक अनिल कुमार हैं. संकुल के तीनों तल पर जिला, विभाग, प्रांत व क्षेत्रीय पदाधिकारी ठहरे हैं.
संघ के कार्यक्रमों में भारतीय पद्धति के अनुसार स्वयंसेवक जमीन में बैठकर भोजन करते हैं. लेकिन संघ प्रमुख के इस कार्यक्रम में ‘बाजीराव भोजन’ की व्यवस्था (बफे सिस्टम) की गई है. अब सबकी निगाहें 18 फरवरी को होने वाले 21 हजार गणवेशधारी स्वयंसेवकों के साथ संघ प्रमुख मोहन भागवत के संबोधन पर टिकी हैं. इसके अलावा उसके बाद संघ और बीजेपी के बीच बैठक होगी, जिसको लेकर हलचल शुरू हो गई है. शुक्रवार को भी बीजेपी नेताओं का यहां पहुंचने का क्रम जारी रहा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours