कोडरमा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष शंकर यादव की हत्या को लेकर लोगों में खासा उबाल देखा गया. मंगलवार को हुई हत्या के बाद आज बुधवार सुबह से ही शंकर यादव की हत्या के विरोध में एनएच 31 रांची-पटना हाईवे को ग्रामीणों ने 7 घंटे तक जाम रखा. जाम स्थल पर राज्य के बड़े नेताओं जेवीएम सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी, राजद प्रदेश अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार, भाकपा माले विधायक राजकुमार यादव, बरही विधायक मनोज कुमार यादव पहुंचे और घटना की तीव्र निंदा करते हुए सरकार पर निशाना साधा. जाम डीसी भुवनेश प्रताप सिंह और एसपी शिवानी तिवारी से वार्ता के बाद टूटा. इस दौरान सैकड़ों गाड़ियां जाम में फंसी रहीं.
जाम को कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, भाकपा माले, जेवीएम का समर्थन मिला. सभी पार्टियों ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि सरकार राज्य में अपराध पर लगाम लगाने में फेल हो गई है. सुबह से लेकर 3 बजे तक लगे जाम में नेताओं का पहुंचने का दौर जारी रहा और सरकार पर आरोप लगाने का दौर भी चलता रहा. इस मामले में सरकार के आश्वासन के बाद एनएच 31 पर लगा जाम हटाया गया.
कोडरमा डीसी भुवनेश प्रताप सिंह ने कहा कि मामले को लेकर एसआईटी का गठन किया गया है और एसआईटी पूरे मामले की जांच करेगी. वहीं घटना से आहत शंकर यादव की बेटियों का गुस्सा प्रशासन पर फूट पड़ा और उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए और कहा कि प्रशासन की चूक से ही उनके पिता की हत्या हुई. दिवंगत शंकर यादव की बेटियों ने कहा कि अगर पूर्व की घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी की होती तो उनके पिता की हत्या नहीं होती.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours