पूर्व मु्ख्यमंत्री और वर्तमान नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने रांची में होटवार जेल जाकर आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद से मुलाकात की. इस दौरान चुनावी रणनीति से लेकर राज्य के मौजूदा सियासी हालात पर चर्चा हुई. मुलाकात के बाद जेल से बाहर आने पर हेमंत सोरेन ने कहा कि यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी. इस दौरान चुनावी रणनीति से लेकर वर्तमान सियासी हालात तक पर चर्चा हुई.
हेमंत सोरेन ने कहा कि उन्हें अगले चुनाव के लिए आरजेडी सुप्रीमो का आशीर्वाद मिल गया है. बतौर हेमंत मुलाकात के दौरान लालू ने उनसे कहा कि वो अभी से चुनाव की तैयारी में जुटे जाएं, बीजेपी को सत्ता से हटाना है. नेता प्रतिपक्ष के मुताबिक इस पर उन्होंने कहा कि तैयारी पूरी है और अगर राज्य में अभी चुनाव हो जाए, तो भाजपा सरकार की विदाई हो जायेगी.
हेमंत के मुताबिक सूबे की सत्ता से बीजेपी की विदाई के लिए यह मुलाकात कई मायनों में महत्वपूर्ण है और इसको लेकर राजद का समर्थन उनके साथ है. हाल में ही हेमंत सोरेन ने दिल्ली जाकर कांग्रेस के नेताओं से भी मुलाकात की थी. जाहिर है अगले चुनाव के मद्देनजर बीजेपी के खिलाफ महागठबंधन बनाने की तैयारी सूबे में चल रही है. हालांकि नेता प्रतिपक्ष ने इस सवाल का कोई जवाब नहीं दिया.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours