टीम इंडिया की साउथ अफ्रीका दौरे की शुरूआत टेस्ट सीरीज़ में 2-1 की हार के साथ हुई थी, लेकिन विराट कोहली एंड कम्पनी ने छह मैचों की वनडे सीरीज़ को 5-1 के अंतर से अपने नाम करके खुद को बेहतर साबित कर दिया है. 18 फरवरी यानि रविवार से दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की इंटरनेशनल टी20 सीरीज़ का आगाज होगा जो कि इस दौरे का आखिरी पड़ाव है. टीम इंडिया ने वनडे सीरीज़ में बाजी मारकर खुद को टेस्ट के बाद वनडे क्रिकेट में भी नंबर वन की पोजिशन पर पहुंचा दिया और अब
वह टी20 फॉर्मेट में भी अपनी रैंकिंग में सुधार करने के लिए प्रयासरत है. वैसे आईसीसी की टी20 रैंकिंग में टीम इंडिया 121 प्वाइंट के साथ दूसरे तो साउथ अफ्रीफा 112 प्वाइंट के साथ छठे नंबर पर है.
टी20 में बीस साबित हो सकती है टीम इंडिया
बहरहाल, टीम इंडिया ने 2017 चैंपियन्स ट्रॉफी से लेकर अब तक 10 इंटरनेशनल टी20 मैच खेले हैं जिनमें से सात में उसने जीत दर्ज की. जबकि दोनों देशों के बीच अब तक चार द्विपक्षीय टी20 सीरीज़ खेली गई हैं जिसमें टक्कर बराबर की रही है. यानि दोनों ने दो-दो सीरीज़ अपने नाम की हैं. वहीं कुल खेले दस टी20 मैचों में से छह टीम इंडिया ने तो चार अफ्रीका ने जीते हैं.
अफ्रीका से जुड़ी हैं टीम इंडिया की यादें
वैसे टीम इंडिया की टी20 फॉर्मेट में साउथ अफ्रीकी जमीं से बहुत अच्छी यादें जुड़ी हुई हैं. हर कोई जानता है कि टीम इंडिया ने महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में 2007 टी20 विश्व कप यहीं जीता था.
रैना और उनाडकट पर रहेगी हर किसी की नजर
सुरेश रैना करीब एक साल बाद टीम इंडिया में वापसी कर रहे हैं जिन्हें टी20 क्रिकेट का बेहतरीन बल्लेबाज़ माना जाता है. हर कोई जानता है कि उन्होंने 2015 के बाद वनडे मैच नहीं खेला है तो वह आखिरी बार एक साल पहले इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज़ में खेले थे. दरअसल, वह टीम में चयन के लिए अनिवार्य यो-यो टेस्ट पास नहीं कर पाये थे और इसलिए उनका चयन नहीं हो पाया था.
पिछले साल दिसंबर में उन्होंने यह टेस्ट पास किया और घरेलू क्रिकेट में आशातीत प्रदर्शन के बाद उनकी टीम इंडिया में वापसी हुई है. वहीं आईपीएल में 11.50 करोड़ की कीमत हासिल करने वाले तेज़ गेंदबाज़ जयदेव उनाडकट को लेकर भी हर किसी की उत्सुकता बरकरार है. संभवत: वह मेजबान अफ्रीका के खिलाफ टीम इंडिया के ट्रंप कार्ड साबित हो सकते हैं.
टीम इंडिया की पारी को शुरू करने की जिम्मेदारी एक बार फिर रोहित शर्मा और शिखर धवन पर होगी. जबकि केएल राहुल को प्लेइंग इलेवन में रखने के लिए कप्तान और कोच को ख़ासी माथापच्ची करनी पड़ सकती है. वहीं विराट कोहली, मनीष पांडे और महेंद्र सिंह धोनी, जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार जैसे खिलाड़ी तो इस वक्त अच्छी फॉर्म में चल ही रहे हैं.
आखिरी वनडे में चार विकेट लेने वाले शार्दुल ठाकुर को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है तो हार्दिक पंड्या का प्लेइंग इलेवन में चयन तय है. जबकि वनडे सीरीज़ में मेजबान बल्लेबाज़ों को रनों के लिए तरसाने वाली यजुवेंद्र चहल और कुलदीप यादव की स्पिन जोड़ी एक बार फिर धमाल मचाकर अपने चयन की सार्थक को सही साबित करना चाहेगी.
अफ्रीका को खल सकती है फाफ डु प्लेसी की कमी
फाफ डु प्लेसी को क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट का धाकड़ बल्लेबाज़ माना जाता है, लेकिन वह चोटिल होने के कारण टी20 सीरीज़ का हिस्सा नहीं है. उनकी अनुपस्थिति में जेपी डुमिनी टीम की कप्तानी करेंगे जिसमें एबी डिविलियर्स, डेविड मिलर और क्रिस मौरिस जैसे टी20 क्रिकेट के धुरंधर खिलाड़ी शामिल हैं. जबकि हेइनरिक क्लासेन से टीम इंडिया को सावधान रहने की जरूरत है. क्रिस्टियान जोंकर, जूनियर डाला और हेनरिक क्लासेन अफ्रीका टीम के नये चेहरे हैं.
टीमें (सम्भावित) :
भारत: विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, शिखर धवन, लोकेश राहुल, सुरेश रैना, महेंद्र सिंह धौनी (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक, हार्दिक पंड्या, मनीष पांडे, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, जयदेव उनादकट और शार्दूल ठाकुर.
दक्षिण अफ्रीका : जेपी डुमिनी (कप्तान), फरहान बेहरदीन, जूनियर डाला, अब्राहम डिविलियर्स, रीजा हेंड्रिक्स, किस्टियन जोंकर, हेइनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), डेविड मिलर, क्रिस मौरिस, डेन पेटरसन, एरॉन फांगिसो, अंदिले फेहुलकवायो, तबरेज शम्सी, जोन-जोन सम्ट्स.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours