कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने सोमवार को बीजेपी पर आरोप लगाया कि उसने मणिपुर एवं गोवा की तरह मेघालय में जनादेश का असम्मान किया. गांधी ने कहा कि महज दो सीट पाने के बाद भी बीजेपी ने परोक्ष रूप से सत्ता हथिया ली.
राहुल ने सोमवार को ट्वीट कर कहा, ‘महज दो सीटों के साथ बीजेपी ने परोक्ष ढंग से मेघालय में सत्ता हथिया ली.’ उन्होंने कहा, ‘मणिपुर एवं गोवा की तरह लोगों के जनादेश के प्रति घोर असम्मान दिखाया गया. सत्ता हथियाने की भूख और अवसरवादी गठबंधन बनाने के लिए बड़े धन का इस्तेमाल.’
उन्होंने इस ट्वीट के साथ हैशटैग लगाया, ‘डेमोक्रेसी डिमोनेटाइज्ड.’ एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा कि वह त्रिपुरा, नगालैंड एवं मेघालय के लोगों के जनादेश का स्वागत करते हैं और क्षेत्र के लोगों का विश्वास फिर से जीतने के लिए प्रतिबद्ध हैं.
पूर्वोत्तर के इन तीन राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए गत शनिवार को घोषित परिणामों में जहां कांग्रेस का नगालैंड और त्रिपुरा में खाता भी नहीं खुल पाया वहीं मेघालय में 21 सीटों के साथ वह सबसे बड़ी पार्टी होने के बावजूद सरकार नहीं बना पा रही है.
राहुल ने कहा, ‘कांग्रेस पार्टी त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय के लोगों के जनादेश का सम्मान करती है. उन्होंने कहा कि हम पूर्वोत्तर में अपनी पार्टी को मजबूत करने और लोगों का विश्वास फिर से जीतने के लिए प्रतिबद्ध हैं. उन्होंने कहा, मैं पार्टी के लिए श्रम करने वाले प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours