झारखंड की सरायकेला पुलिस ने आदिवासी महासभा के थिंकटैक तथा पत्थलगड़ी मामले मास्टरमाइंड विजय कुजूर को दिल्ली के महिपालपुर से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने विजय कुजूर सरायकेला लाकर कोर्ट में पेश किया जहां से उसे रविवार की शाम को जेल भेज दिया गया. विजय कुजूर पर पत्थलगड़ी के जरिए पुलिस-प्रशासन के खिलाफ ग्रामीणों को उकसाने और उन्हें सरकारी योजनाओं का बहिष्कार करने के लिए प्रेरित करने का आरोप है. आरोपी रांची के नामकूम का रहनेवाला है और शिपिंग कॉरपोरेशन आफ इंडिया में जीएम पद पर कार्यरत है. सरायकेला पुलिस पिछले एक माह से इसकी तलाश में जुटी थी.
एसपी चंदन कुमार सिन्हा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि विजय कुजूर ईचागढ़ के जामदोहा तथा काठगोड़ा में पत्थलगड़ी के जरिए ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं के बहिष्कार तथा गांवों में प्रशासनिक अधिकारियों प्रवेश पर रोक लगाने के लिए उकसाने का काम कर रहा था. वह क्षेत्र में चल रहे पत्थलगड़ी मामले का मास्टरमाइंड था. उसके खिलाफ जारी वारंट में सरायकेला, खूंटी समेत कई जिलों की पुलिस को उसकी तलाश थी.
इसकी तलाश में पुलिस एक महीने से कलकत्ता व दिल्ली के कई ठिकानों पर खाक छान रही थी. विजय कुजूर पर पत्थलगड़ी के नाम पर ग्रामीणों को बहकाने तथा फेसबुक के जरिये प्रशासन के खिलाफ हिंसात्मक बातें फैलाने का आरोप है. विजय कुजूर की पत्नी सरोज लाकड़ा जमशेदपुर में रहती है और टिस्को के स्पोर्टस एंड ट्रेनिंग डिपार्टमेंट में कार्य करती है.
पत्थलगड़ी के मामले में यह तीसरी गिरफ्तार है. इससे पहरे दो आरोपी ज्योतिलाल बेसरा तथा शक्तिपद हांसदा को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेजा जा चुका है. एक अन्य आरोपी बबीता कच्छप अभी पुलिस गिरफ्त से दूर है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours