हजारीबाग मैं होली के त्योहार के समापन के बाद प्रशासन रामनवमी की तैयारी में जुट गया है. लिहाजा शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में रामनवमी संपन्न हो इसे लेकर पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है. इसी कड़ी में शुक्रवार को सदर एसडीओ आदित्य रंजन के नेतृत्व में उत्पाद विभाग की टीम ने इचाक में छापेमारी की. इचाक के बरका सयाल स्थित जंगल में की गई छापेमारी में पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध देसी शराब की भट्ठियों को नष्ट कर दिया.

अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन के इस कार्रवाई में 30 ड्रम तैयार शराब और जावा महुआ को नष्ट किया गया. बताते चलें कि अवैध शराब कारोबारी शराब बनाने का काम जंगल में किया करते हैं ताकि प्रशासन वहां तक नहीं पहुंच सके. इससे पूर्व भी जंगल के इलाके से कई बार प्रशासनिक कार्रवाई में शराब की भट्ठियां नष्ट की गई हैं. जिले के सदर एसडीओ आदित्य रंजन ने ऐसे तमाम शराब कारोबारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध शराब के कारोबारी अपनी हरकतों से बाज आएं. उनके खिलाफ पुलिस लगातार छापेमारी करती रहेगी. शराब कारोबारियों पर नकेल कसा जाएगा.

छापेमारी के इस कार्रवाई में पुलिस ने पाया कि शराब निर्माण में नाले के पानी का उपयोग किया जा रहा है. पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे अवैध तरीके से बेचे जा रहे शराब को नहीं पीएं. इससे उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है. बताते चलें कि हजारीबाग में भव्य रुप से राम नवमी मनाई जाती है. इस पर्व के दौराना काफी संख्या में झांकी और जुलूस निकाला जाता है. कई बार ऐसा देखा गया है कि जुलूस में शामिल युवा वर्ग के लोग शराब के नशे में होते हैं. लिहाजा इन पर भी नकेल कसने के लिए शराब के खिलाफ अभियान तेज किया गया है.

Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours