प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 25 मई को कोयलांचल धनबाद के दौरे पर आ सकते हैं. धनबाद के सिंदरी स्थित बंद FCI कारखाना के स्थान पर HURL फैक्ट्री की आधारशिला रखने के साथ ही IIT-ISM के दीक्षांत समारोह में भी शिरकत करेंगे.
गौरतलब है कि IIT-ISM धनबाद में इस बार सत्र 2015-16 और 2016-17 का एक साथ दीक्षांत समारोह आयोजित की जा रही है जिसमें पीएम के हाथों 3814 छात्र-छात्राओं को डिग्री, मेडल्स व प्रशस्ति पत्र दिये जाएंगे. IIT-ISM प्रबंधन ने पीएम के कार्यक्रम को लेकर जहां तैयारी जोर-शोर से शुरू कर दी है वहीं छात्र छात्राएं भी काफी उत्साहित हैं. इधर धनबाद जिला प्रशासन ने भी PM नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और कार्यक्रम की तैयारी शुरू कर दी है.
हालांकि धनबाद उपायुक्त ए दोड्डे का कहना है कि अभी तक आधिकारिक रूप से कार्यक्रम की तिथि तय नहीं की गई है. लेकिन पीएमओ से उनके कार्यक्रम को लेकर जानकारी जरुर ली गई थी. इधर IIT-ISM प्रबंधन की ओर IIT-ISM के रजिस्ट्रार रिटायर्ड कर्नल एमके सिंह का कहना है कि दीक्षांत समारोह वैसे तो फरवरी में ही किया जाता है लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ही मार्च 2016 में ISM धनबाद को IIT का दर्जा दिलाया है इसलिए इस बार दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि प्रधानमंत्री को ही बनाने के लिए हमलोगों ने न्योता भेजा था और प्रधानमंत्री ने इसे स्वीकार भी कर लिया है.
फिलहाल पीएम नरेंद्र मोदी के झारखंड के धनबाद दौरे के क्रम में मुख्य रूप से सिंदरी के बंद एफसीआई फैक्ट्री के स्थान पर HURL (हर्ल) फैक्ट्री की नींव रखेंगे. IIT-ISM के दीक्षांत समारोह में छात्र छात्राओं को डिग्री देने और मेडल से सम्मानित करने के साथ ही देश की सबसे शानदार डिजिटल सेंट्रल लाइब्रेरी का उद्घाटन करने का कार्यक्रम है. वहीं छात्र छात्राओं के लिए बनाए गए शानदार छात्रावास का भी उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होना है.
आपको बता दें कि वर्ष 2014 में लोकसभा चुनाव के दौरान बतौर प्रधानमंत्री उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने ISM को IIT का दर्जा देने का वादा किया था साथ ही 2002 से बंद एफसीआई (FCI) सिंदरी फैक्ट्री को चालू करने की भी घोषणा की थी और आखिरकार 4 साल बाद यह दोनों वादे पूरे होने जा रहे हैं जिसमें से एक वादा पूरा कर चुके हैं और दूसरे की आधारशिला रखने के लिए आ रहे हैं. ऐसे में धनबाद से किए गए दोनों वादों को पूरा करने के साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी दूसरी बार कोयलांचल की धरती पर कदम रखने जा रहे हैं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours