रांची I आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद को रांची के रिम्स में भर्ती करा दिया गया. वहां उनके स्वास्थ्य की जांच हुई. रिम्स में उनकी मौजूदगी के मद्देनजर सुरक्षा के तीन लेयर में इंतजाम किए गए हैं. रिम्स के जिस सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में लालू प्रसाद को रखा गया है उसमें अलग से दो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. सूत्रों के मुताबिक अस्पताल में लालू प्रसाद के साथ उनके सेवक को भी रहने नहीं दिया गया है. मीडिया को भी लालू प्रसाद से दूर रखने की कोशिश की गई.

इससे पहले, सुबह 9 बजकर 10 मिनट पर राजधानी एक्सप्रेस से लालू प्रसाद दिल्ली से रांची पहुंचे. स्टेशन पर उनके आगमन को लेकर सुरक्षा के तगड़े बंदोवस्त किए गए थे. करीब 100 जवानों को स्टेशन पर तैनात किया गया था. स्टेशन से लालू प्रसाद को कड़ी सुरक्षा के बीच सीधे रिम्स ले जाया गया. स्टेशन पर भी मीडिया को उनसे दूर रखा गया. उनके साथ आरजेडी विधायक भोला यादव भी थे.

गौरतलब है सोमवार को लालू प्रसाद को एम्स से रिम्स वापस भेजा गया. एम्स की रिपोर्ट में कहा गया कि लालू प्रसाद की तबीयत में सुधार है. हालांकि एम्स से निकलते वक्त लालू प्रसाद ने अपनी शिफ्टिंग को लेकर आपत्ति जताई और कहा कि बीमार होने के बावजूद उन्हें रिम्स वापस भेजा जा रहा है. लालू प्रसाद ने कहा कि यह एक सियासी साजिश के तहत किया गया है और अगर उन्हें कुछ होता है तो इसके लिए एम्स प्रबंधन जिम्मेवार होगा.

किडनी में खराबी के चलते लालू प्रसाद बीते 17 मार्च को रिम्स में भर्ती हुए थे. रांची के होटवार जेल में तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रिम्स भर्ती कराया गया था, जहां करीब 12 दिन के इलाज के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें रिम्स से दिल्ली के एम्स भेजा गया था.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours