सरायकेला जिला के राजनगर चाईबासा मार्ग पर खैरबनी के पास टाटा मैजिक व क्रेन की सीधी टक्कर में पांच महिलाओं की मौत हो गई है. इस दुर्घटना में पांच लोग घायल हो गए हैं. पांचों को जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया है जहां दो की स्थिति गंभीर बनी हुई है.  मृतक व घायल सभी राजनगर प्रखंड के कीता गांव के रहनेवाले हैं.

जानकारी के अनुसार आज बुधवार को राजनगर प्रखंड के कीता गांव के करीब 16 लोग टाटा मैजिक पर सवार होकर राजनगर हाट खरीदारी करने गए थे. सभी खरीदारी कर अपने गांव लौट रहे थे तभी यह दर्दनाक दुर्घटना घटी. मृतकों में कीता गांव की आंगनबाड़ी सेविका दासी टुडू भी शामिल हैं. दुर्घटना के बाद उग्र हुए स्थानीय लोगों ने टाटा चाईबासा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया और मुआवजे की मांग करने लगे.

दुर्घटना के संदर्भ में एक घायल व्यक्ति ने बताया कि सभी मजदूरी का काम करते हैं. राजनगर से काम खत्म कर सभी अपने घर सिन्नी जा रहे थें. उसी समय खैरबनी के पास तेज रफ्तार क्रेन ने टाटा मैजिक को सीधे टक्कर मार दिया जिसमें पांच महिलाओं की मौत हो गई. दुर्घटना में घायल हुए पांच लोगों में दो पुरुष और तीन महिलाएं हैं. घायलों का इलाज एमजीएम अस्पताल में किया जा रहा है. पुलिस ने पांचों महिलाओं के शवों को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम भेज दिया है. पुलिस ने क्रेन को जब्त कर लिया है.

घटना स्थल पर एसडीओ संदीप कुमार एवं डीएसपी मुख्यालय दीपक कुमार पहुंच कैम्प कर रहे हैं. इस बीच खबर है कि पुलिस की ओर से काफी समझाने बुझाने के बाद जाम हटा लिया गया है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours