धनबाद के चिरकुंडा नगर परिषद के चुनाव में किस्मत आजमाने उतरे 132 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 16 अप्रैल को 34678 मतदाता करेंगे. चिरकुंडा के लोगों का इस चुनाव के मुख्य मुद्दे पेयजल ,प्रधानमंत्री आवास ,स्वास्थ्य सुविधा ,स्ट्रीट लाईट समेत शौचालय और नाली निर्माण के हैं. कई मुद्दे पिछले चुनाव के ही हैं जो कि तमाम घोषणा और दावों के बावजूद भी अब तक पूरे नहीं हुए हैं. जहां एक तरफ लोग यहां पेयजल की समस्याओं से जूझ रहे हैं वहीं दूसरी ओर बारिश के मौसम में यहां के कई बस्तियों में पानी भर जाया करता है.
गरीब लोगों के पास एक तो सिर के ऊपर छत नहीं है वहीं रोजगार की कमी के कारण उनके लिए जीना मुश्किल हो गया है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि यहां के जनप्रतिनिधि ने सिर्फ लोगों को ठगने का काम किया है. हर कोई एक दूसरे पर दोषारोपण करता है. चुनाव आते ही घोषणाओं की झड़ी लग जाती है. मगर जमीन पर कुछ भी नहीं दिखता.
पिछले नगर परिषद अध्यक्ष कांग्रेस पार्टी के उमीदवार मुरली तुरी ने भाजपा के नगर परिषद अध्यक्ष डबल्यू बाउरी पर अब तक कोई कार्य पूरा नहीं कर पाने का आरोप लगाया. मुरली तुरी ने कहा कि अगर इस बार जनता उन्हें चुनती है तो वे सभी अधूरे कार्य जल्द पूरा कर देंगे.
वहीं वर्तमान अध्यक्ष डबल्यू बाउरी का कहना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ उन्होंने जनता तक पहुंचाया है. उनके पास किए गए कार्यों की लम्बी फेहरिस्त है जिसे वह जनता के बीच बार-बार रख रहे हैं. वहीं बचे हुए कार्यो को इस बार प्राथमिता के आधार पर पूरा कर देने का वह वादा भी कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं है और जनता भी इस बार हर हाल में उन्हें जीत दिलाएगी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours