नगर परिषद् चुनाव रामगढ़ में आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है. अधिकारियों की लापरवाही से नगर परिषद चुनाव में आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन जारी है. रामगढ़ जिले में खुलेआम प्रत्याशियों द्वारा आचार संहिता का उल्लंघन किया जा रहा है. नगर परिषद चुनाव को लेकर प्रत्याशियों द्वारा चुनावी प्रचार प्रसार जोर-शोर से किया जा रहा है और इस भोपू के शोर में आचार संहिता जिले में बस निर्वाचन अधिकारियों की फाइलों की शोभा बनकर रह गई है.
आचार संहिता के मुताबिक प्रत्याशी प्रचार वाहन में एक एक बैनर फोटोयुक्त और एक झंडा लगाकर क्षेत्र में प्रचार कर सकते हैं, लेकिन प्रचार गाड़ी के चारों ओर बैनरों के साथ साउंड भी लगे हैं. अध्यक्ष उपाध्यक्ष सहित वार्ड सदस्यों के लिए अलग-अलग क्षेत्र में अलग-अलग निर्वाची पदाधिकारी नियुक्ति हैं, जिनका कार्य प्रचार के दौरान आचार संहिता के पालन का निरीक्षण करना है.
प्रचार गाड़ियों को देखकर यही लगता है कि ये अधिकारी अपनी आंखें बंद किए हुए हैं. इस संबंध में वार्ड 29 से 32 के निवार्ची पदाधिकारी सह रामगढ़ सीओ अमृता कुमारी ने कहा कि कोई मामला फिलहाल उनकी नजर नहीं आया है.
उन्होंने कहा कि ऐसा कोई मामला अगर उनके सामने आये तो वे जांच कर कारवाई करेंगे. वहीं एक प्रचार गाड़ी के ड्राइवर ने बताया कि शहर में लगभग सभी प्रचार गाड़ियों में दो बॉक्स और चार चोंगा लगे हुए हैं.
आचार संहिता के उल्लंघन को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा कुछ भी पहल नहीं की जा रही है, जबकि नियमावली स्पष्ट है. प्रत्येक वाहन में एक पोस्टर, एक झंडा और दो साउंड सिस्टम ही लगाने हैं, जबकि पोस्टर बैनर और साउंड आवश्यकता से अधिक लगे हुए हैं. तमाम बड़े दलों के साथ निर्दलीय भी आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए नजर आ रहे हैं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours