फर्जी चेक तैयार कर बैंक से रुपए की निकासी करने वाले तीन शातिरों को धनबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है. इनके पास से कंप्यूटर, प्रिंटर और मिटाया हुआ चेक भी पुलिस ने बरामद किया है. एसबीआई के प्रबंधक की शिकायत पर पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई है.
ग्रामीण एसपी आशुतोष शेखर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि एसबीआई राजगंज शाखा एवं पुटकी शाखा द्वारा फर्जी चेक के माध्यम से रुपये निकासी के मामले में थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करकेंद पेट्रोल पंप के समीप डिजानिंग प्वाइंट नामक दुकान चलाने वाले प्रेम प्रसून को गिरफ्तार किया. पिछले दो दिनों से पुलिस इस दुकान पर नजर रख रही थी. इसी क्रम में दूसरा शातिर सचिन जब दुकान पर पहुंचा तब वहां पुलिस को देखते ही वह घबरा गया और भागने लगा. लेकिन पुलिस ने उसे दौड़ाकर धर दबोचा.
दरअसल सचिन ही कंप्यूटर से फर्जी चेक का क्लोन तैयार किया करता था. तीसरा शातिर विनोद दास तैयार किए गए चेक पर फर्जी हस्ताक्षर करता था और पैसे निकाल लिए जाते थे. ग्रामीण एसपी आशुतोष शेखर ने बताया कि पहली बार में अपराधियों ने 95 हजार रुपए की निकासी बैंक से की. दूसरी बार फिर से 95 हजार रुपए की निकासी ये बैंक से करने वाले थे. लेकिन पुलिस ने इनकी योजना को विफल कर दिया. उन्होंने कहा कि इसमें बैंक कर्मियों की मिली भगत की जांच की जा रही है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours