पश्चिम सिंहभूम जिला में हाटगम्हरिया क्षेत्र के एक निजी स्कूल की वार्डन सह शिक्षिका ने अपने स्कूल के प्रिंसिपल पर शादी का झांसा देकर महीनों तक दुष्कर्म करने, जबरन धर्मांतरण कराने की कोशिश और पिटाई करने का गंभीर आरोप लगाया है. शिक्षिका ने यह आरोप चाईबासा कोर्ट में दिए अपने शिकायतपत्र में लगाया है.
चाईबासा व्यवहार न्यायालय में निजी स्कूल के प्रिंसिपल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए पीड़ित वार्डन सह शिक्षिका का कहना है कि वह हाटगम्हरिया के एक निजी स्कूल में बतौर वार्डन काम करती थी. यहां के प्रिंसिपल ने उसे पहले अपने प्रेम जाल में फंसाया, फिर शादी का प्रलोभन देकर उसके साथ महीनों दुष्कर्म करता रहा.
वार्डन सह शिक्षिका का कहना है कि इस दौरान वह प्रिंसिपल पर लगातार शादी के लिए दबाव बनाती रही. लेकिन प्रिंसिपल उसपर शादी से पहले ईसाई धर्म स्वीकार करने का दबाव बनाने लगा. मगर वह धर्मांतरण के लिए तैयार नहीं थी. इस पर प्रिंसिपल ने उसके साथ मारपीट करना शुरू कर दिया. इतना ही नहीं बाद में प्रिंसिपल ने वार्डन सह शिक्षिका को स्कूल से भी निकाल दिया. वार्डन सह शिक्षिका के शिकायतवाद को कोर्ट ने चाईबासा मुफ्फसिल थाना को रेफर कर जांच कर मामला दर्ज करने का निर्देश दिया है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours