सारंडा-पोड़ाहाट जंगल के गोइलकेरा और गुवा थाना क्षेत्र की सीमा पर स्थित सांगाजाटा पहाड़ को पिछले चार दिनों से सुरक्षा बल के सैकडों जवानों ने घेर रखा है. इसी सिलसिले में झारखंड पुलिस के आईजी आशीष बत्रा और सीआरपीएफ के आईजी संजय एस लाटकर हेलिकॉप्टर से चाईबासा पहुंचे. यहां सीआरपीएफ के डीआईजी कार्यालय में दोनों ने जिले के पुलिस और सीआरपीएफ अधिकारियों के साथ नक्सलियों की घेराबंदी पर समीक्षा की.

बैठक के बाद आईजी आशीष बत्रा ने कहा कि सारंडा में एक बड़ा ऑपरेशन चल रहा है, जिसमें बड़ी कामयाबी की उम्मीद है. आईजी ने बताया कि ऑपरेशन अब भी जारी है और समाप्त होने के बाद ही विस्तृत जानकारी दी जाएगी.

गौरतलब है कि सांगाजाटा पहाड़ की चोटी पर भाकपा माओवादियों का एक दस्ता के साथ नक्सलियों के कई बड़े नेताओं के होने की सूचना पर सुरक्षा बलों ने ऑपरेशन चला रखा है. पहाड़ को पिछले चार दिनों से घेर कर रखा गया है. दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग भी हुई है. सुरक्षा बलों की घेराबंदी को तोड़कर सुरक्षित भाग निकलने के लिए नक्सली सुरक्षा बलों के जवानों के ऊपर आईईडी बम का भी इस्तेमाल कर रहे हैं. लेकिन सुरक्षा बल के जवान पूरी मुस्तैदी से मोर्चा पर डटे हुए हैं.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours