गुमला के जारी थाना क्षेत्र के गोविंदपुर पंचायत में दो दरिंदो ने हथियार के बल पर एक महिला व एक नाबालिग बच्ची के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया है. इस घटना के बाद से पूरे जिला में युवती व महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल खड़ा हो गया है. बता दें कि कल शुक्रवार को ही जिला के घाघरा थाना में एक युवती ने तीन लोगों पर हथियार के बल पर उसके साथ 31 मार्च को दुष्कर्म का एक मामला दर्ज कराया था.

गुमला में सामूहिक दुष्कर्म की एक और घटना के सामने आने से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है. जंगल में लकड़ी चुनने गई एक महिला व एक नाबालिग (रिश्ते में ननद और भौजाई) के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है. पीड़िताओं की माने तो वे लकड़ी चुन रही थीं तभी कुछ लोग वहां पर आए और उन्हें जबरन अपने साथ ले जा कर उनके साथ दुष्कर्म किया. साथ ही दुष्कर्मियों ने पीड़िताओं को घटना के बारे में किसी को बताने पर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी. दुष्कर्म की यह घटना शुक्रवार तीन बजे की है.

घटना के बाद दोनों पीड़िताओं ने डर से घर आकर किसी से कुछ नहीं कहा. लेकिन बाद में किसी प्रकार हिम्मत कर परिवार के कुछ लोगों को बताया तो ग्रामीणों ने गांव में पंचायत कर घटना को सामने रखा. पीड़ित महिला के पति ने बताया कि उनकी पत्नी लकड़ी चुनने अक्सर जाया करती है. लेकिन पहली बार इस तरह की घटना घटी है जिसको लेकर वे काफी परेशान हैं. वहीं पीड़िता के पिता ने कहा कि इस घटना के बाद उनके परिवार की अस्मत पूरी तरह से बर्बाद हो गई. वह न्याय की गुहार लगा रहे हैं. दुष्कर्म की इस घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई जा रही है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours