झारखंड की रघुवर सरकार प्रदेश की जनता को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए तत्पर है. रांची स्थित प्रोजेक्ट बिल्डिंग में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने स्पष्ट किया कि राज्य में वर्ष 2022 तक प्रत्येक गांव में बिजली पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
राज्य सरकार ने इसी उद्देश्य के मद्देनजर झारखंड राज्य ऊर्जा विकास निगम के अंतर्गत 493 सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र बांटा. इनमें तकनीकी कर्मचारी, सहायक ऑपरेटर, एसबीओ ग्रेड-2, जूनियर लाइनमैन और फिटर ग्रेड-2 के कर्मचारी शामिल हैं. नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों में से 382 झारखंड के रहने वाले हैं.
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस अवसर पर नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई दी और राज्य के विकास में ईमानदारी के साथ काम करने की नसीहत दी. सीएम ने अपने संबोधन में गरीब के घर में बिजली पहुंचाने के प्रति लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारी को चेतावनी देते हुए नौकरी से हटाने का निर्देश भी दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार कुर्सी तोड़ने के लिए तनख्वाह नहीं देगी. उन्होंने विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारी को दिन-रात एक कर लक्ष्य को पूरा करने का निर्देश दिया.
कार्यक्रम में सरल, सुविधा, सक्षम और सशक्त नामक ऑनलाइन सेवाओं का भी शुभारम्भ किया गया. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इन सेवाओं के बेहतर नतीजों के लिए हर अधिकारी, कर्मचारी को तकनीक प्रशिक्षण लेने पर भी जोर दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि आईटी की मदद से बिचौलिए और भ्रष्टाचार को समाप्त किया जा सकता है.
इस अवसर पर राज्य के आलाधिकारियों ने पिछले तीन वर्षों में बिजली विभाग की उपलब्धियों को गिनाया साथ ही नए एप्प के लाभ भी बताए. मुख्यमंत्री ने कहा कि आनेवाले समय में 2200 और नियुक्तियां की जाएंगी. इस अवसर पर झारखंड राज्य सहकारी बैंक के माध्यम से पांच ऊर्जा मित्रों को पॉस मशीन दी गई. साथ ही पुस्तक का विमोचन भी किया गया. नियुक्ति पत्र पाकर अभ्यर्थी खुश दिखे.
सीएम के मुताबिक, कोयले का भंडार होने के बावजूद राज्य बिजली उत्पादन में काफी पिछड़ा हुआ है. उन्होंने कहा कि 2021-22 तक हम झारखंड को पावर हब के रूप में विकसित करेंगे. इसी कड़ी में 4000 मेगावाट बिजली उत्पादन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्लांट का शिलान्यास करेंगे. उन्होंने कहा कि टीवीएनएल के एक्सटेंशन को भी सरकार ने मंजूरी प्रदान कर दी है. इससे 660 मेगावाट के दो प्लांट लगाए जाएंगे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours