आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद तीन दिन की पैरोल पर रांची से पटना के लिए रवाना हो गये. उनके साथ फ्लाइट में भोला यादव के साथ-साथ रिम्स के डॉक्टर और सुरक्षाकर्मी भी पटना गये. इससे पहले वे कड़ी सुरक्षा के बीच रिम्स से रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचे और पटना की फ्लाइट पकड़ी.

लालू प्रसाद को 11 से 13 मई के लिए पैरोल मिली है. 12 मई को उनके बड़े बेटे तेजप्रताप यादव की शादी है. जिसमें हिस्सा लेने के लिए वे पटना गए हैं. हालांकि उनकी तरफ से बेेटे की शादी में शरीक होने के लिए पांच दिन की पैरोल मांगी गई थी, लेकिन जेल प्रशासन ने मात्र तीन दिन की पैरोल को मंजूरी दी.

लालू प्रसाद की पैरोल को लेकर होटवार जेल में तमाम कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की गईं. जेल आईजी हर्ष मंगला ने उनकी पैरोल पर अंतिम सहमति दी. जिसके बाद जेल प्रशासन की ओर से इसकी सूचना रिम्स प्रबंधन को दी गई. उसके बाद लालू प्रसाद को पटना भेजा गया.

लालू प्रसाद की यात्रा को लेकर बुधवार देर रात रिम्स में डॉक्टरों की बैठक हुई. निदेशक आरके श्रीवास्तव, सुपरिंटेंडेंट डॉ विवेक कश्यप, डॉ उमेश प्रसाद, डॉ डीके झा, डॉ प्रकाश कुमार ने लालू प्रसाद की स्वास्थ्य जांच कर जेल को रिपोर्ट भेज दिया. रिपोर्ट में कहा गया कि लालू प्रसाद यात्रा के लिए फिट हैं, लेकिन मेडिकल फिट नहीं हैं. एेसे में अगर वे यात्रा करते हैं तो डॉक्टर की देख-रेख में यात्रा करना होगा. उधर महाधिवक्ता, रांची और पटना एसएसपी ने पहले ही पैरोल देने पर अपनी सहमति जेल प्रशासन को दे दी थी.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours