मुख्यमंत्री रघुवर दास इनदिनों केन्द्र की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रमंडलवार समीक्षा कर रहे हैं. इस सिलसिले में बुधवार को मुख्यमंत्री ने संथाल परगना फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा की.

रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन सभागार में करीब तीन घंटे तक चली समीक्षा बैठक में विकास आयुक्त अमित खरे के साथ-साथ विभागीय सचिव और संथाल क्षेत्र के जिलों के उपायुक्त भी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने इस दौरान संथाल क्षेत्र में बिजली की स्थिति,ओडीएफ और पिछड़े जिलों के विकास की योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली. साथ ही इन फ्लैगशिप योजनाओं में ग्रामीण सहभागिता पर भी जोर दिया.

रघुवर दास ने संथाल परगना के विकास पर जोर देते हुए समयसीमा के अंदर घर-घर बिजली पहुंचाने का आदेश अधिकारियों को दिया. सीएम ने कहा कि स्कूल व आंगनबाड़ी केन्द्रों में जल्द से जल्द बिजली पहुंचाई जाए. उन्होंने धीमी गति से काम करने वाली एजेंसियों पर नकेल कसने का भी निर्देश दिया. स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था सुधार लाने की भी हिदायत दी. अति पिछड़े पाकुड़ और साहेबगंज जिले के लिए 50 -50 करोड़ की विशेष राशि देने का भी मुख्यमंत्री ने ऐलान किया.

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के हाथों देवघर एम्स और एयरपोर्ट के शिलान्यास को लेकर भी जानकारी ली और देवघर डीसी को इस सिलसिले में अपनी ओर से सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया. देवघर डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने बताया कि 25 मई को धनबाद से प्रधानमंत्री देवघर एम्स व एयरपोर्ट का ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे. उस वक्त देवघर में दस हजार लोग एक साथ बैठकर इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकेंगे.


Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours