केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी चौबे ने कर्नाटक के मुख्यमंत्री कुमारस्वामी के शपथ ग्रहण समारोह को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने मंच पर दिखी विपक्षी एकता की तुलना सर्कस के जानवरों से की. रांची में संवाददाता सम्मेलन के दौरान जब पत्रकारों ने उनसे 2019 को लेकर विपक्षी एकता पर सवाल किया तो अश्विनी चौबे ने कहा कि सर्कस के भालू-बंदर सभी नरेन्द्र मोदी को रोकने के लिए एक हुए हैं. चुनाव आते ही सर्कस की पूरी टीम बंगाल की खाड़ी में चली जाएगी.

केन्द्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने कहा कि सिर्फ गिरिराज सिंह ही नहीं मैं भी हिंदुत्व पर खुलकर बोलता हूं. हिन्दू को भारत की जीवन पद्धति बताते हुए अपने पुत्र का यह कहकर बचाव किया कि हिन्दुत्व की रक्षा के लिए सैंकड़ों कार्यकर्ता जेल गए, उसमें से एक हमारा पुत्र भी है.

अश्विनी चौबे ने कहा कि इस साल के अंत तक देश में 6 एम्स और काम करने लगेंगे. मोदी सरकार ने देश को 14 एम्स दिया है. उन्होंने कहा कि पीएम की सोच है कि स्थानीय स्तर पर लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा मिले. बतौर केन्द्रीय मंत्री NHM के द्वारा प्रारम्भिक स्तर पर स्वास्थ्य सुधार का लक्ष्य रहा गया है.

अश्विनी चौबे ने कहा 1996 में झारखंड में मातृत्व मृत्यु दर 416 था जो आज घटकर 208 हो गया है. वहीं राष्ट्रीय औसत 167 है. उन्होंने कहा कि रोड मैप तैयार कर मातृत्व मृत्यु दर कम करने की झारखंड की तैयारी बेहतर है. शिशु मृत्यु दर में भी झारखण्ड का प्रदर्शन राष्ट्रीय औसत से बेहतर है. राष्ट्रीय औसत 34 प्रति हजार है तो झारखंड का 29 प्रति हजार है. संस्थागत प्रसव में भी झारखंड का बेहतर प्रदर्शन है. बतौर चौबे देश के सभी जिला अस्पतालों में डायलिसिस सुविधा होगी.


Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours