झारखंड में सिल्ली व गोमिया उपचुनाव को लेकर ताबड़तोड़ प्रचार का दौर जारी है. इस सिलसिले में मुख्यमंत्री रघुवर दास गोमिया के होसिर यूथ सेंटर में बीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की. बैठक में पार्टी के बूथ व पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ जोन पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया.
यूथ सेंटर में बैठक के बाद सीएम ने समाज के विभिन्न संगठनों के लोगों के साथ भी बैठक की. नेहरू मैदान में जनसभा को भी संबोधित किया. होसिर में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए सीएम ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से उन्हें अवगत कराया. साथ ही कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे क्षेत्र के मतदाताओं को बूथ तक लाने में सहयोग करें. रघुवर दास ने गोमिया सीट जीतने का भी दावा किया.
गोमिया सीट के लिए मुख्यमंत्री पिछले तीन दिन से प्रचार अभियान में जुटे हुए हैं. यहां से बीजेपी के माधवलाल सिंह पार्टी प्रत्याशी हैं. बीजेपी के लिए प्रतिष्ठा का विषय है क्योंकि एक तरह विपक्ष का संयुक्त मोर्चा है तो दूसरी तरफ अपने साथी आजसू से भी चुनौती मिल रही है. यहां 28 मई को मतदान और 31 मई को मतगणना होगी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours