झारखंड के सिल्ली व गोमिया उपचुनाव में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) की जीत हुई है. दोनों सीटों पर जेएमएम की प्रत्याशियों ने ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के उम्मीदवारों को हराया. जेएमएम की इस जीत पर विपक्षी खेमे में जहां खुशी की लहर है, वहीं सत्ता पक्ष यानी बीजेपी में मायूसी का दौर है.

सिल्ली सीट पर 14 राउंड की मतगणना के बाद निर्वाचन पदाधिकारी ने जेएमएम प्रत्याशी सीमा महतो को विजयी घोषित किया. सीमा को 77,000 से वोट मिले, जबकि आजसू के सुदेश महतो को 63,500 मत प्राप्त हुए. सीमा महतो साढ़े 13 हजार वोटों से चुनाव जीत गईं. वैसे मतगणना के दौरान शुरू से ही सीमा महतो सुदेश से आगे बनी रहीं.

पत्नी की जीत पर खुशी का इजहार करते हुए पूर्व विधायक अमित महतो ने कहा कि गुरु जी और हेमंत सोरेन के आशीर्वाद के साथ-साथ सम्पूर्ण विपक्ष के समर्थन से ये जीत हासिल हुई है. बतौर सिल्ली विधायक सीमा महतो उनके द्वारा अधूरा छोड़े गए कार्यों को पूरा करने का प्रयास करेंगी.



उधर गोमिया सीट पर शुरुआती रुझान में बीजेपी प्रत्याशी माधव लाल सिंह के आगे रहने के बावजूद जेएमएम प्रत्याशी बबीता देवी ने इस सीट को अपने नाम कर लिया. 18 राउंड की काउंटिंग के बाद जेएमएम प्रत्याशी बबीता देवी को 1344 वोटों से विजयी घोषित किया गया. बबीता को 60,551, आजसू के लंबोदर महतो को 59,207 और बीजेपी के माधवलाल सिंह को 42,037 मत प्राप्त हुए.

गोमिया व सिल्ली सीट पर जेएमएम की जीत का बड़ा कारण विपक्ष की एकजुटता को माना जा रहा है. दोनों सीटों पर जेएमएम की प्रत्याशियों को पूरे विपक्ष का समर्थन प्राप्त था. जबकि सत्ता पक्ष दोनों सीटों पर अलग-थलग दिखाई दिया. गोमिया में तो बीजेपी-आजसू आमने-सामने मैदान में थे. नतीजा हुआ कि सीएम के ताबड़तोड़ प्रचार के बावजूद बीजेपी यह सीट हार गई. आजसू दूसरे नंबर पर रही. जेएमएम ने फिर से इस सीट को अपने नाम कर लिया. सिल्ली में लगातार दूसरी बार सुदेश महतो को हार मिली. वहां उनके प्रचार अभियान से बीजेपी दूरी बनाती नजर आई.

उपचुनाव के नतीजे से गदगद विपक्ष इस परिणाम को 2019 के लिए बड़ा संकेत मान रहा है. दावा है कि 2019 में भी संयुक्त विपक्ष के आगे बीजेपी को धारासायी होना होगा. जेएमएम का ये संयुक्त विपक्ष का फार्मूला उपचुनाव में सफल साबित हुआ और उसकी दोनों सीटें उसके पास रह गईं. जेएमएम ने अपने सजायाफ्ता विधायकों योगेन्द्र महतो और अमित महतो की पत्नियों को मैदान में उतार कर बाजी अपने नाम कर लिया. बीते 28 मई को दोनों जगहों पर मतदान हुआ था.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours