कहते हैं अगर सच्ची लगन और मन में विश्वास हो तो कोई भी काम नामुमकिन नहीं है. ऐसा ही एक उदाहरण गोड्डा जिले के महगामा प्रखंड में देखने को मिला. वहां के प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) ने खुले में शौच मुक्त अभियान को लेकर एक अनोखा संकल्प लिया है.
महगामा प्रखंड के बीडीओ चंदन कुमार सिंह ने प्रखंड को ओडीएफ बनाने के लिए 30 जून तक का डेडलाइन तय किया है. इसको लेकर वे खुद प्रखंड कर्मियों के साथ सुबह 7 से 10 बजे तक क्षेत्र का भ्रमण करते हैं. इस दौरान गांव-गांव में लोगों के साथ बैठक कर उन्हें शौचालय बनवाने के लिए प्रोत्साहित करते हैं.
बीडीओ साहब एक दिन किस वजह से सुबह भ्रमण पर नहीं निकल पाए. तो उन्हें इसको लेकर इतनी आत्मग्लानी हुई कि उन्होंने सर मुंडवाकर ये संकल्प ले लिया कि जब तक प्रखंड को ओडीएफ नहीं कराएंगे तब तक वे बाल नही उगाएंगे. अब बीडीओ के इस संकल्प को जल्द से जल्द पूरा करने में प्रखंड कर्मी जी जान से जुटे हुए हैं.
प्रखंड के बीस सूत्री अध्यक्ष मुरारी चौबे का कहना है कि बीडीओ साहब के संकल्प से महगामा प्रखंड जल्द ओडीएफ घोषित हो जायेगा और बीडीओ साहब के बाल भी उग जाएंगे. चंदन कुमार का कहना है कि वे चाहे जहां भी रहें जबतक महगामा को ओडीएफ का प्रमाण पत्र नहीं मिल जाता वे बाल नहीं उगाएंगे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours