रांची। डोरंडा इलाके में रहने वाली नाबालिग सहित तीन बहनों के वाट्सएप और फेसबुक पर अश्लील वीडियो भेजा जा रहा है। इसे लेकर पीडि़ता ने डोरंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के बाद थाना स्तर पर कार्रवाई नहीं होने पर मामले की शिकायत सिटी एसपी से की गई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपित को बुलवाया। आरोपित ने थाने में आकर पीडि़तों से माफी मांग ली, इसके बाद पुलिस ने उसे चेतावनी देते हुए पीआर बांड पर छोड़ दिया।
पीडि़ता और उसकी मां का कहना था कि बोकारो स्टील सिटी निवासी विनय हेंब्रम उनके मोबाइल पर अश्लील वीडियो भेजकर परेशान कर रहा है। मना करने पर खुद को पुलिसकर्मी का बेटा बताकर उल्टे धमकी दे रहा था। पीडि़ता के अनुसार आरोपित विनय कहता है कि उसकी मां पुलिस विभाग में है। उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। उससे परेशान होकर पूरा परिवार सोमवार को थाना पहुंचा था। लेकिन पुलिस के स्तर पर कार्रवाई के बजाए उल्टे फटकार लगाई गई थी।
तीनों बहनों का ले लिया था नंबर
पीडि़ता ने थाने में दिए गए आवेदन में कहा है कि उन्हें बार-बार कॉल कर धमकी दिए जाने से पूरा परिवार डरा हुआ है। पीडि़ता के अनुसार आरोपित का नानी घर उनके घर के पास है। वहीं आने-जाने के दौरान उनका नंबर ले लिया था। नाबालिग बहन से पहले दोस्ती की। इसके बाद उसके जरिए सभी बहनों का नंबर ले लिया था।



Post A Comment:
0 comments so far,add yours