झारखंड में कौशल विकास योजना परवान चढ़ने लगी है. मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इस योजना के तहत राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सफल अभ्यर्थियों को सम्मानित किया. रांची में कौशल विकास प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए सम्मान समारोह का आयोजन हुआ.
समारोह में सम्मानित हुए युवा कौशल विकास योजना के तहत विभिन्न ट्रेडों में सरकार द्वरा प्रशिक्षित किये गये हैं. ये युवा वर्ल्ड स्किल कॉम्पिटिशन के लिए आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान पर रहे. मुख्यमंत्री ने इनको सम्मानित करते हुए उम्मीद जतायी कि ये लोग भुवनेश्वर में आयोजित होने वाले जोनल स्तर और फिर राष्ट्रीय स्तर पर जीत हासिल कर वर्ल्ड स्किल कॉम्पिटिशन में भाग लेने रूस जाएं.
मुख्यमंत्री ने कौशल विकास की महत्ता को बताते हुए इन्हें हर संभव सहायता प्रदान करने की घोषणा की. साथ ही कौशल विकास योजना से जुड़े विभिन्न स्टेक होल्डरों से इसमें और बेहतर काम करने की अपील करते हुए आगामी 12 जनवरी को आयोजित होने वाले स्किल समिट-2019 में एक लाख युवाओं को रोजगार देने के लिए पूर्ण रुप से प्रशिक्षित करने को कहा.
मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित होने वाले युवक-युवतियां ने कहा कि प्रतियोगिता के अगले खंड में भी बेहतर प्रदर्शन कर अंतराष्ट्रीय स्तर पर वे झारखंड का नाम रौशन करेंगे. कौशल विकास मिशन के निदेशक अमर झा ने कहा कि झारखंड पहली बार इस प्रतियोगिता में शामिल हो रहा है और अबतक जिन बच्चों ने भाग लिया है वो काफी उत्साह वर्धक है.
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पाने वाले विभिन्न 12 ट्रेडों के विजेताओं को 25-25 हजार और द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाले 24 प्रतिभागियों को 11 - 11 हजार रुपये देकर से सम्मानित किया गया. प्रतियोगिता में कुल आठ सौ प्रतिभागियों ने 14 ट्रेडों में हिस्सा लिया. उनमें से कुल 36 प्रतियोगी इस स्तर पर पहुंचे. ये सभी वर्ष 2019 में रूस के कजान में आयोजित होने वाले वर्ल्ड स्किल प्रतियोगिता में जोनल और राष्ट्रीय स्तर पर जीत हासिल कर भाग ले सकेंगे.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours