रांची के रिम्स (राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस) में नर्सों, जूनियर डॉक्टर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और इंटर्न की हड़ताल रविवार यानी दूसरे दिन भी जारी है. फिलहाल हालत ये है कि अस्पताल में भर्ती मरीज के परिजन सड़कों पर हैं. उन्होंने रिम्स के मेन गेट पर जाम लगा दिया है. परिजनों का कहना है कि पुलिस, अस्पताल प्रशासन को दो टूक में कहें कि तुरन्त इलाज शुरू कराएं, वर्ना भर्ती मरीज को भी सड़क पर ले आएंगे. बता दें कि पहले दिन हड़ताल के चलते 12 मरीजों की मौत हो गई थी. वहीं करीब 400 से अधिक मरीज यहां से दूसरे अस्पताल चले गए. वहीं दूर-दराज से अाए मरीज और उनके परिजन हड़ताल खत्म होने का इंतजार कर रहे हैं.
क्या हैं हड़ताल का कारण?
शनिवार की सुबह करीब तीन बजे मेडिसिन विभाग के डॉ. उमेश प्रसाद यूनिट में भर्ती मरीज गीता गुप्ता की मौत के बाद परिजनों ने नर्सों, इंटर्न और पीजी डॉक्टरों से धक्कामुक्की कर दी थी. मारपीट किए जाने के बाद से नर्सों, जूनियर डॉक्टर्स, पैरामेडिकल स्टॉफ और इंटर्न की हड़ताल जारी है. हड़ताल के बाद रिम्स में भर्ती 1400 मरीज भगवान भरोसे हैं. दवा और इंजेक्शन भी नहीं लग रहा है.
मामले का जल्द हो निपटारा- सीएम
वहीं इस पूरे मामले में मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि रिम्स में अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अपनी बात सबको रखने का हक है, लेकिन कायदे से. उन्होने हड़ताली कर्मियों से काम पर जल्द वापस लौट आने की अपील की है. वहीं स्वास्थ्य मंत्री और सचिव को वार्ता कर मामले का जल्द निपटारा करने के निर्देश भी दिया.
मरीजों को धक्का मारकर बाहर निकाला
पहले दिन स्थिति ये बन गई थी कि नर्सों ने रिम्स इमरजेंसी मेन गेट को बंद कर दिया. जो मरीज अंदर आ गए, उन्हें भी धक्के देकर बाहर निकाल दिया. सीनियर डॉक्टर भी एक बार राउंड मारकर दोबारा नहीं आए. मरीजों के अटेंडेंट जब उनसे इंजेक्शन आदि की जिद करने लगे तो उन्हें लाठी लेकर दौड़ा लिया.
ओपीडी से 1200 मरीज बिना इलाज के ही लौटे
हड़ताल के बाद शनिवार को ओपीडी से 1200 मरीज बिना इलाज लौट गए. ओपीडी में बैठे डॉक्टरों को बाहर निकाल दिया गया. एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड और सिटी स्कैन भी बंद हो गए. वार्ड में सिर्फ सीनियर डॉक्टर ही बचे थे, जिन्होंने जैसे-तैसे राउंड किया और चले गए. इधर रिम्स के जूनियर डॉक्टर डायरेक्टर डॉ. आरके श्रीवास्तव से मिलने पहुंचे. हालांकि बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकला और उन्होंने भी हड़ताल की घोषणा कर दी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours