खूंटी में अगवा जवानों का दो दिन बाद भी पता नहीं चल पाया है. बीजेपी सांसद करिया मुंडा के अनिगड़ा गांव स्थित घर की सुरक्षा में लगे तीन जवानों को पत्थलगड़ी समर्थकों ने गत मंगलवार को अगवा कर लिया. उन तीन में से एक सुबोध कुजूर लातेहार का रहने वाला है.
सुबोध कुजूर लातेहार जिले के महुवाडाड प्रखंड के चैनपुर पंचायत के सेमरबुढानी गांव का रहने वाला है. उनके अपहरण की सूचना के बाद से गांव में उनके घरवाले परेशान हैं. सुबोध के परिवार में माता-पिता के अलावा दो भाई और दो बहन हैं. घर में सुबोध एक मात्र कमाने वाला है. उसी के सहारे पूरे परिवार का भरण-पोषण चलता है. ऐसे में सुबोध के अपहरण की सूचना से घरवालों की चिंता बढ़ गई है.
पिता सिरील कुजूर का कहना है कि अपहरण कर पत्थलगड़ी समर्थकों ने गलत किया है. जो भी हो रहा है उसमें मेरे बेटा का कोई दोष नहीं है. वह तो सुरक्षा में तैनात था. मां के बेटे को छोड़ देने की गुहार के अलावा कोई अल्फाज नहीं है. पड़ोसी रमेश कुजूर कहते हैं कि पत्थलगड़ी समर्थकों की लड़ाई सरकार से है तो वे सरकार से लड़े, किसी के बाल-बच्चे का अपहरण कर लेना कहां से जायज है.
अपहरण से चार दिन पहले सुबोध गांव से छुट्टी काटकर अनिगड़ा लौटा था. गत मंगलवार को पुलिस और पत्थलगड़ी समर्थकों के बीच झड़प के बाद समर्थकों ने सांसद करिया मुंडा के घर पहुंचकर सुबोध सहित तीन जवानों को अगवा कर लिया. अभी तक इन जवानों को पता नहीं चल पाया है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours