बोकारो रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एलेप्पी एक्सप्रेस से 87 बच्चे संदिग्ध हालत में बरामद किए गए. मानव तस्करी की आशंका को देखते हुए बाल कल्याण समिति और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में इन बच्चों को ट्रेन से उतारा गया. मामले की जांच की जा रही है.
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष विनय कुमार जोगी ने बताया कि रांची पुलिस ने बोकारो पुलिस को बच्चों को तेलंगाना ले जाने की सूचना दी थी. इसी सूचना के आधार पर बोकारो के बालीडीह पुलिस और बाल कल्याण समिति की संयुक्त कार्रवाई में एलेप्पी एक्सप्रेस से 87 नाबालिग बच्चों को बरामद किया गया. छह लोगों को भी उतारा गया है जिनसे पूछताछ की जा रही है.
सभी बच्चे जामताड़ा प्रखंड के नारायणपुर के रहने वाले हैं और धनबाद में ट्रेन पर सवार होकर तेलंगाना जा रहे थे. वहीं बोकारो पुलिस जामताड़ा पुलिस से संपर्क कर परिजनों से जानकारी लेने में जुटी है.
CWC ने बरामद बच्ची को पालने वाली मां को देने से किया इनकार
बालीडीह थाना प्रभारी कमल किशोर ने बताया कि बरामद किए गए 87 बच्चों में से अधिकांश की उम्र 7 से 8 साल की है, जबकि छह लोग उतारे गए हैं. उनके साथ मौजूद हाफिज नामक एक युवक ने उक्त बच्चों को तेलंगाना ले जाने के संबंध में जानकारी दी. लेकिन यह मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है.
फिलहाल बच्चों को आश्रय गृह में CWC की देख-रेख में रखा गया है. वहीं छह लोगों से पूछताछ जारी है. पुलिस यह खंगालने में जुटी है कि यह मामला ह्यूमन ट्रैफिकिंग से जुड़ा है या नहीं.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours