झारखंड के चतरा जिले की हंटरगंज थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र के झारखंड-बिहार सीमा पर स्थित गोसाईंडीह इलाके से यूएसए मेड विदेशी पिस्टल और गांजा के साथ तीन पेशेवर अपराधियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने पश्चिम बंगाल नंबर की लाल रंग की टाटा सूमो गाड़ी भी जप्त की है. गिरफ्तार अपराधियों से हंटरगंज थाना में पुलिस गहन पूछताछ कर रही है.
गिरफ्तार सभी अपराधी बिहार के गया जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि झारखंड-बिहार सीमा क्षेत्र में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से कुछ पेशेवर अपराधी हथियार के साथ इलाके में भ्रमण कर रहे हैं.
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए हंटरगंज थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस की टीम अपराधियों के धरपकड़ में जुट गई. अभियान के दौरान पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग 99 पर गोसाइंडीह में गहन वाहन चेकिंग अभियान चलाया. इसी दौरान पुलिस ने तेज गति से आ रहे लाल रंग के टाटा सूमो वाहन को रोका, लेकिन वाहन चालक पुलिस को देखकर गाड़ी रोकने के बजाय और तेजी से लेकर भागने लगा.
जिसके बाद पुलिस ने गाड़ी का पीछा कर सभी को पकड़ लिया. पकड़ने के बाद वाहन पर सवार लोगों की तलाशी ली गई, तो एक अपराधी के पास से यूएसए मेड का विदेशी पिस्टल व मैगजीन बरामद किया गया. इसके अलावे वाहन से भारी मात्रा में गांजा भी बरामद किया गया है.
इस पूरे मामले में स्थानीय थाना पुलिस व वरीय पुलिस पदाधिकारी अभी कुछ भी कहने से कतरा रहे हैं. अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ज्ञानरंजन ने बताया कि हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है. जांच के बाद ही मामले में कुछ कहा जा सकता है.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours