वर्ष 2019 चुनावी वर्ष है. सभी राजनीतिक दल चुनाव की तैयारी में जुट गए है. इसी कड़ी में झाविमो ने दुमका जिला के सरैयाहाट प्रखंड में संकल्प सभा आयोजित कर संथाल परगना प्रमंडल में चुनावी शंखनाद किया. गोड्ड़ा लोक सभा स्तरीय संकल्प सभा को पार्टी सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी, प्रधान महासचिव प्रदीप यादव, विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया.
संकल्प सभा में गोड्डा लोक सभा क्षेत्र से काफी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे थे. सभा को संबोधित करते हुए प्रदीप यादव ने कहा कि राज्य में अघोषित रूप से आपातकाल लगा हुआ है. सरकार गरीब आदिवासियों के जमीन को हड़पना चाहती है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से भाजपा की सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेने का आह्वान किया.
अपने संबोधन में पार्टी सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी तक देश के हालात बदतर हैं. पड़ोसी मुल्क आंखें दिखा रहा है. स्वदेशी का नारा
देने वाली भाजपा सत्ता में आते ही विदेशी पूंजीपतियों के लिए दरवाजा खोल कर बैठी है. सरकार को गरीब जनता की समस्या से कोई मतलब नहीं है. सरकार का एक मात्र उद्देश्य देश एवं प्रदेश को लूटना है.
अपने संबोधन में विधान सभा के पूर्व अध्यक्ष इंदर सिंह नामधारी ने प्रदीप यादव को जुझारू नेता करार देते हुए वर्ष 2019 में उन्हें लोक सभा भेजने के लिए कार्यकर्ताओं से संकल्प लेने का आह्वान किया.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours