झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी द्वारा भाजपा नेताओं पर विधायकों के खरीद फरोख्त करने के लगाए गए आरोप पर जारी सियासत थमने का नाम नहीं ले रहा है. नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने बाबूलाल मरांडी द्वारा लगाए गए आरोप पर पलटवार करते हुए कहा है कि बाबूलाल मरांडी इसे प्रमाणित करके दिखाएं कि किसने कितना पैसा लिया है. उन्होंने इस मामले में जारी चिठ्टी को झूठा करार देते हुए कहा कि इस तरह के आरोप लगाने वालों को शर्म आनी चाहिए.

नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने जानना चाहा कि क्या बाबूलाल मरांडी को महाभारत के संजय की तरह दिव्य दृष्टि प्राप्त हो गई थी. साथ ही बाबूलाल जिस चिट्ठी की बात कर रहे हैं क्या उसकी सत्यता सिद्ध कर पाएंगे. मंत्री ने कहा कि ऐसे में तो कल कोई भी व्यक्ति किसी पर भी कोई सा भी आरोप लगा दे सकता है. उन्होंने कहा कि इस तरह के आरोप लगाने से पहले थोड़ी शर्म जरूर आनी चाहिए.

सीपी सिंह ने बाबूलाल मरांडी को चुनौती देते हुए जांच कराने की बात कही. उन्होंने कहा कि जांच का सामना करने के लिए उनकी पार्टी तैयार है. मंत्री ने कहा कि इस तरह किसी का चरित्र हनन करना उचित नहीं है. हम भी किसी का चरित्र हनन कर सकते हैं मगर ये हमारी पार्टी का संस्कार नहीं है. इस तरह का काम संस्कारहीन व्यक्ति ही कर सकता है. उन्होंने कहा कि आज की राजनीति में इस तरह के संस्कारहीन लोग हैं जो इस तरह के काम कर रहे हैं.

मंत्री ने कहा कि भाजपा जैसी पार्टी ने बाबूलाल मरांडी को झारखंड का प्रथम मुख्यमंत्री बनाया. इससे भी पहले उन्हें केंद्र में राज्य मंत्री बनाया गया. उन्होंने कहा कि बाबूलाल ने जिस थाली में खाया उसी में छेद किया है.
Share To:

Post A Comment:

0 comments so far,add yours