झारखंड के सरायकेला के खापड़ासाई प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को दिल-दहला देनेे वाली घटना घटी. स्कूल के सामने रहने वाले एक विक्षिप्त युवक ने शिक्षिका की गला काटकर हत्या कर दी और सिर को लेकर इधर-उधर भागने लगा. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया.
सूचना के मुताबिक, सहायक शिक्षिका सुकरा हेस्सा स्कूल में अकेली थी और उसके साथ कुछ बच्चे थे. इसी दौरान मध्याह्न भोजन के वक्त रवि हेम्ब्रम स्कूल में दाखिल हुआ और शिक्षिका को स्कूल के सामने अपने घर के दरवाजे पर ले जाकर उसकी गला काटकर हत्या कर दी. फिर उनके सर को लेकर यहां-वहां भागने लगा. इसी दौरान जब वह शिव मंदिर के सामने खड़ा था, तो पुलिस ने उसे कब्जे में लेने की काफी कोशिश की, लेकिन ले नहीं पाई. युवक के पास दो धारदार हथियार भी थे.
पुलिस पीछे-पीछे और युवक आगे-आगे भाग रहा था. रास्ते में एक जगह मृतका का सिर छोड़कर वह पाटा हेंसल गांव की ओर भाग निकला. करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे उस गांव से पकड़ा. पुलिसिया कार्रवाई में उसे चोट भी लगी. उसे सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
उधर, इस घटना से न सिर्फ शिक्षक, बल्कि स्कूल के आसपास के लोग व विद्यालय प्रबंधन समिति के लोगों को आक्रोशित कर दिया. शिक्षकों ने हत्यारे पर कड़ी कार्रवाई की मांग की करते हुए कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दिया. विद्यालय प्रबंधन समिति ने भी हत्यारे पर कड़ी कार्रवाई होने तक स्कूल बंद रखने का ऐलान किया है.
स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी रवि हेम्ब्रम मानसिक रुप से अस्वस्थ है और पहले भी उसने कई घटनाओं को अंजाम दिया है. मृतका सुकरु हेस्सा (38 वर्षीय) वर्ष 2016 से प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत थी.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours