झारखंड दौरे पर रांची आए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. संबित पात्रा ने पार्टी के नेताओं के साथ बैठक की. बैठक के दौरान संबित पात्रा ने 2019 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया. पत्रकारों से बातचीत करते हुए संबित पात्रा ने कहा कि कांग्रेस समेत सारा विपक्ष मोदी को हटाने के लिए एकजुट होने की कोशिश कर रहा है. लेकिन यह गठबंधन संभव नहीं है.
संबित पात्रा ने कहा कि सभी दलों के नेताओं की अपनी महत्वाकांक्षाएं हैं. कोई भी राहुल गांधी को नेता मानने को तैयार नहीं है. संबित पात्रा ने देश के साथ - साथ झारखंड में विकास के कार्यों की भी चर्चा की. रामगढ़ में केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा द्वारा मॉब लिंचिंग के आरोपियों को सम्मानित करने के मुद्दे पर वह कुछ भी कहने से बचते नजर आए.
संबित पात्रा ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि बेल गाड़ी (जमानत गाड़ी) में बैठकर आने वाले कुछ नेताओं का मंत्र है मोदी रोको. उन्होंने कहा कि गरीबों का भी यही मंत्र है कि मोदी रोको. उन्होंने कहा कि बेल गाड़ी नेता मोदी को आने से रोकना चाहते हैं. लेकिन गरीबों का मंत्र है कि मोदी को जाने से रोको. उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के शासन में गरीबों के जीवन में जैसा परिवर्तन आया है वह ऐतिहासिक है. उन्होंने जेएमएम, कांग्रेस और आरजेडी के खिलाफ जमकर निशाना साधा.



Post A Comment:
0 comments so far,add yours